बीजापुर में सीआरपीएफ ने पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

post

बीजापुर में सीआरपीएफ ने पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 199वीं बटालियन के जवानों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया। यह अभियान वाहिनी मुख्यालय पातुरपारा, भैरमगढ़ सहित विभिन्न कंपनी मुख्यालयों में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन उपमहानिरीक्षक बीएस. नेगी (रेंज बीजापुर) एवं कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान के दौरान वाहिनी मुख्यालय पातुरपारा के साथ-साथ पीडिया, कोप्पागुड्डा, भैरमगढ़, पिनकोंडा, कोडोली एवं केशकुटुल स्थित कंपनी मुख्यालयों में लगभग 400 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों, छात्रावासों एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल, सुरक्षा और समुचित विकास सुनिश्चित करने का भी संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि, वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखकर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित किया जाए।

इस अवसर पर डीआईजी बी.एस. नेगी ने कहा कि, वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है। लगातार बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के कारण पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में वृक्षारोपण एक प्रभावी और आवश्यक कदम है, जो न केवल प्रदूषण को कम करने में सहायक है बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

डीआईजी ने कहा कि, हर व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य काफी हद तक पूरा किया जा सकता है। उन्होंने स्कूली बच्चों से भी अपील करते हुए कि वे प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनें और अपने आस-पास अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करें। इस सामूहिक प्रयास ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय के बीच आपसी विश्वास, सहयोग, भाईचारे और एकता को भी मजबूती मलती है।

उन्हाेने बताया कि सुरक्षाबल केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाता है। उन्हाेने बताया कि 27 जुलाई को सीआरपीएफ अपना 88वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इसी के तहत कई अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

You might also like!