अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी और घरेलू मोर्चे पर बैंकिंग सेक्टर के शेयरों की हुई जोरदार बिकवाली के कारण भारतीय शेयर बाजार आज कमजोरी का शिकार हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बढ़ गया, जिसकी वजह से कमजोरी बढ़ती चली गई। दोपहर एक बजे के थोड़ी देर पहले खरीदारी शुरू हो जाने के कारण बाजार काफी हद तक रिकवर करने में सफल भी हुआ। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.57 प्रतिशत और निफ्टी 0.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। आज बाजार की कमजोरी के बावजूद ब्रॉडर मार्केट में हुई खरीदारी के कारण निवेशक पौने दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने में सफल रहे।
बीएसई का सेंसेक्स आज बिना किसी उतार-चढ़ाव के 78,151.45 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के कुछ देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे इस सूचकांक की चाल में बड़ी गिरावट आ गई। दोपहर एक बजे के थोड़ी देर पहले तक बाजार में लगातार दबाव बना रहा, जिसके कारण यह सूचकांक 783.16 अंक लुढ़क कर 77,368.29 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल भी सुधरने लगी। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर दो बजे के करीब यह सूचकांक निचले स्तर से 400 अंक से अधिक की रिकवरी कर 77,783.26 अंक तक पहुंच गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 442.93 की कमजोरी के साथ 77,708.52 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 144.25 अंक टूट कर 24,190.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद बिकवाली के दबाव की वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। स्टॉक मार्केट में लगातार हो रही शेयरों की बिक्री के कारण निफ्टी 198.45 अंक फिसल कर 24,135.85 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति सुधरने लगी।
खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर दो बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक निचले स्तर से 130.25 अंक की रिकवरी कर 24,266.10 के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, इसके बाद एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल दोबारा कमजोर होती होने लगी। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 95.80 अंक की गिरावट के साथ 24,238.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के दौरान बैंकिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में लगातार बिकवाली होती रही। इसी तरह आईटी इंडेक्स भी कमजोरी के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, फार्मास्यूटिकल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स,कैपिटल गुड्स और एफएमसीजी इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के बावजूद मिड और स्मॉलकैप शेयरों में हुई खरीदारी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 1.80 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 482.67 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 480.83 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.84 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,514 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,226 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,039 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 249 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,985 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,575 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,410 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर बढ़त के साथ और 11 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान में और 14 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ट्रेंट लिमिटेड 2.94 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.82 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.64 प्रतिशत, सिप्ला 1.61 प्रतिशत और जेएसडब्ल्यू स्टील 1.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक 5.46 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 5.12 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 2.09 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा 2.03 प्रतिशत और जियो फाइनेंशियल 1.67 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
कच्चे तेल की तेजी और बैंकिंग सेक्टर में हुई बिकवाली के दबाव में डूबा शेयर बाजार, लाल निशान में बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी














