रायगढ़ : 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को मिलेगा एचपीवी वैक्सीन का सुरक्षा कवच, 18 जुलाई तक चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान


शहर 17 July 2026
post

रायगढ़ : 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को मिलेगा एचपीवी वैक्सीन का सुरक्षा कवच, 18 जुलाई तक चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान

कलेक्टर के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी.पटेल के मार्गदर्शन में जिले में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की रोकथाम के लिए 18 जुलाई 2026 तक विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत उन 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है। यह टीका जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय एवं अन्य शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर उपलब्ध रहेगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और विश्वसनीय है तथा यह सर्वाइकल कैंसर से बचाव का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब तक इस वैक्सीन से किसी भी गंभीर दुष्प्रभाव की पुष्टि नहीं हुई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं को निकटतम सरकारी टीकाकरण केंद्र लेकर जाएं और उन्हें निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से उनकी प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक संख्या में टीकाकरण का लाभ लेने की अपील की गई है।

You might also like!