अमेरिकी सेना ने मध्य पूर्व में तैनात अपने बलों पर ईरान द्वारा किए गए अचानक बैलिस्टिक मिसाइल हमले को सफलतापूर्वक विफल कर दिया। यूएस सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि मंगलवार शाम 5:45 बजे (ईटी) ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने ईरान से कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जो अमेरिकी बलों पर हमला करने की कोशिश थी। सेंटकॉम ने दावा किया कि ईरान की सभी मिसाइलों को सफलतापूर्वक बीच में ही रोक लिया गया। अमेरिकी सेना पूरी तरह सतर्क और तैयार है।
सीएनएन के अनुसार, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ईरान ने अधिकतम चार बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। ईरान की ओर से इस दावे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
नाकेबंदी भी जारी
इस घटना से पहले सेंटकॉम ने बताया कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले ईरानी बंदरगाहों से जुड़े जहाजों पर सख्त नजर रख रही है। 28 जुलाई तक अमेरिका ने 18 कमर्शियल जहाजों का रास्ता बदल दिया, दो को निष्क्रिय किया और दो पर कब्जा कर लिया। अमेरिकी नौसेना के 20 से अधिक युद्धपोत मध्य पूर्व में तैनात हैं, जो ईरान के खिलाफ ‘स्टील वॉल’ नाकेबंदी को लागू कर रहे हैं।
ट्रंप-नेतन्याहू मुलाकात के बीच हुआ हमला
यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। यह दोनों नेताओं की ईरान पर हमले शुरू होने के बाद पहली आमने-सामने बैठक थी। ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि उन्होंने ईरान को बातचीत का एक और मौका देने के लिए हमले रोकने का फैसला किया है, लेकिन चेतावनी दी कि अगर बातचीत नाकाम रही तो और हमले किए जा सकते हैं।

















