सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई में प्रदर्शन से पहले तुषार गांधी हिरासत में


देश 10 October 2026
post

सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई में प्रदर्शन से पहले तुषार गांधी हिरासत में

मुंबई, 10 अक्टूबर   मुंबई पुलिस ने शनिवार को महात्मा गांधी के पड़पोते और सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी को काक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के समर्थन में प्रदर्शन से पहले हिरासत में ले लिया है। तुषार गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन करने वाले थे। मुंबई में सीजेपी के समर्थन में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर मुंबई पुलिस सतर्क है और इस प्रदर्शन में शामिल होने की धरपकड़ की जा रही है।

मुंबई पुलिस के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तुषार गांधी को बांद्रा से हिरासत में लेकर डीएन नगर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। वहीं, ‘हम भारत के लोग’ संगठन से जुड़े कार्यकर्ता फिऱोज़ मिथिबोरवाला को भी उनके आवास से हिरासत में लेकर एमआईडीसी पुलिस स्टेशन ले जाया गया । तुषार गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्टर साझा करते हुए नागरिकों से दोपहर 3.30 बजे अगस्त क्रांति मैदान में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के लिए गामदेवी पुलिस स्टेशन में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था और सभा आयोजित करने की आधिकारिक अनुमति भी नहीं दी गई थी। बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के तहत आगस्त क्रांति मैदान को विरोध-प्रदर्शन स्थल के रूप में निर्धारित नहीं किया गया है। इसी आधार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई की गई।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी ने मतदाता सूची में कथित हेरफेर, विशेष रूप से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान अनियमितताओं और मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 में बदलावों को लेकर सवाल उठाए हैं। मुंबई में प्रस्तावित प्रदर्शन को इसी विरोध के समर्थन में आयोजित किया जाना था। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के कारण कार्यक्रम से पहले ही तुषार गांधी और अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है।


You might also like!