नेपालः सरकारी कंपनियों के साथ एनईए 1,000 मेगावाट बिजली खरीद समझौता करने की तैयारी में


विदेश 19 November 2026
post

नेपालः सरकारी कंपनियों के साथ एनईए 1,000 मेगावाट बिजली खरीद समझौता करने की तैयारी में

काठमांडू, 19 नवंबर । नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) ने ऊर्जा, जलस्रोत तथा सिंचाई मंत्री बिराजभक्त श्रेष्ठ के निर्देश के बाद सरकारी स्वामित्व वाली कंपनियों द्वारा विकसित की जा रही जलविद्युत और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के साथ बिजली खरीद समझौता (पीपीए) करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।

प्राधिकरण के अनुसार, पहले चरण में करीब 1,000 मेगावाट की कुल क्षमता वाली परियोजनाओं के साथ बिजली खरीद समझौता किया जाएगा।

एनईए के संचालक मंडल के सदस्य अंशु किरण शाही ने बताया कि सरकारी स्वामित्व वाली कंपनियों के साथ पीपीए करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह के भीतर संचालक मंडल इस संबंध में निर्णय ले सकता है।

पहले चरण में जिन परियोजनाओं के साथ समझौता करने की तैयारी है, उनमें 210 मेगावाट की चानपुर सेती, 70 मेगावाट की सिम्बुवा, 439 मेगावाट की बेतन कर्णाली, 124 मेगावाट की जगदुल्ला ए, विद्युत उत्पादन कंपनी द्वारा विकसित 30 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना, 454 मेगावाट की किमाथांका और 77 मेगावाट की चिलिमे सेती परियोजनाएं शामिल हैं।

पीपीए होने के बाद इन कंपनियों से निवेश, बुनियादी ढांचे के निर्माण और बिजली उत्पादन की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं से उत्पादित बिजली नेपाल विद्युत प्राधिकरण खरीदेगा।

ऊर्जा मंत्री बिराजभक्त श्रेष्ठ ने सरकारी स्वामित्व वाली बिजली कंपनियों के साथ पीपीए में हो रही देरी को सरकार पर बढ़ते वित्तीय बोझ का कारण बताते हुए प्राधिकरण को समझौते की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया था। मंत्री ने निजी क्षेत्र की बिजली कंपनियों के साथ भी बिजली खरीद समझौते की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है।

मंत्री श्रेष्ठ के लगातार निर्देशों के बाद अब प्राधिकरण चरणबद्ध तरीके से सरकारी कंपनियों की परियोजनाओं के साथ पीपीए करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।

You might also like!