तेजस्विन शंकर ने अपना अर्जुन पुरस्कार परिवार और एथलेटिक्स जगत को किया समर्पित, बोले- सपना हुआ साकार


खेल 17 November 2026
post

तेजस्विन शंकर ने अपना अर्जुन पुरस्कार परिवार और एथलेटिक्स जगत को किया समर्पित, बोले- सपना हुआ साकार

नई दिल्ली, 17 नवंबर। भारतीय डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर ने वर्ष 2025 का अर्जुन पुरस्कार मिलने को अपने जीवन का सपना साकार होने जैसा क्षण बताया है। राष्ट्रपति के हाथों प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने इसे अपने परिवार और पूरे एथलेटिक्स जगत को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी मिलती है, तो यह अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए एक शानदार अवसर होगा।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) से बातचीत में तेजस्विन ने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करना उनके लिए बड़े सम्मान और गर्व की बात है। ऐसे अवसर जीवन में केवल एक या दो बार ही मिलते हैं। उन्होंने कहा, ''मैं अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करके खुद को सम्मानित और सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूं। भारत के माननीय राष्ट्रपति से यह पुरस्कार प्राप्त करना मेरे लिए सपना साकार होने जैसा क्षण है। ऐसे अवसर जीवन में केवल एक या दो बार ही आते हैं।''

टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के खिलाड़ी तेजस्विन ने इस उपलब्धि के पीछे अपनी मेहनत और समर्पण का जिक्र करते हुए कहा कि वह सबसे पहले इस पुरस्कार को अपनी मेहनत को समर्पित करना चाहेंगे, लेकिन इस उपलब्धि के लिए सबसे बड़ा त्याग उनके परिवार ने किया है।

उन्होंने कहा, ''मैं इस पुरस्कार को सबसे पहले खुद को समर्पित करना चाहूंगा, क्योंकि यहां तक पहुंचने के लिए मैंने कड़ी मेहनत की है, समर्पण दिखाया है और हर संभव प्रयास किया है, लेकिन समय के लिहाज से सबसे बड़ा त्याग मेरे परिवार ने किया है। मैं ज्यादातर समय यात्रा करने और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के कारण घर से बाहर रहता हूं। इस वजह से मेरा परिवार मेरे साथ बहुत कम समय बिता पाता है। इसलिए मैं यह पुरस्कार अपनी मां और परिवार के बाकी सदस्यों को समर्पित करना चाहूंगा।''

तेजस्विन ने कहा कि एथलेटिक्स में सफलता कभी किसी एक व्यक्ति के प्रयासों से नहीं मिलती। इसके पीछे कई लोगों की मेहनत और सहयोग होता है। उन्होंने कहा, ''मैं यह पुरस्कार पूरे एथलेटिक्स जगत को भी समर्पित करना चाहूंगा, क्योंकि यह कभी किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं होता। हर उस व्यक्ति के पीछे बहुत सारे लोग होते हैं, जो कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करता है। मैं उन सभी का आभारी हूं और यह पुरस्कार उन सभी को समर्पित करता हूं।''

लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 पर नजर

तेजस्विन ने वर्ष 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए अपनी तैयारियों को लेकर कहा कि अमेरिका में लंबे समय तक रहने, स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने और उच्च शिक्षा हासिल करने के साथ-साथ उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने का मेरा पूरा उद्देश्य लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 को ध्यान में रखकर है। मेरा लक्ष्य वहां लंबे समय तक रहना है, ताकि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ और बेहद कड़ी प्रतिस्पर्धा वाले माहौल में खुद को तैयार कर सकूं। मैं चाहता हूं कि 2028 में जब ओलंपिक आए तो मेरे पास किसी तरह का कोई बहाना न हो।

आगामी सत्र की तैयारियों के बारे में उन्होंने कहा, ''मैं शुरुआत से ही खुद को ऐसी स्थिति में रखना चाहता हूं, जिससे ओलंपिक के लिए बेहतर तैयारी कर सकूं। पिछले कुछ वर्षों से मैं इसी दिशा में प्रयास कर रहा हूं। लॉस एंजिलिस ओलंपिक में अभी लगभग एक साल का समय बाकी है। मेरे खेल में क्वालीफिकेशन की अंतिम समयसीमा अगले कुछ महीनों में शुरू हो जाएगी। मेरे लिए अवसरों की खिड़की अगले दो महीने में ही खुलने वाली है। इसे लेकर मैं काफी उत्साहित हूं।''

2036 ओलंपिक की मेजबानी को बताया अगली पीढ़ी के लिए शानदार अवसर

भारत की ओर से 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दावेदारी पर तेजस्विन ने कहा कि यदि भारत को इसकी मेजबानी मिलती है, तो यह देश के युवा खिलाड़ियों के लिए सपने को साकार करने जैसा होगा। उन्होंने अपने खेल करियर की शुरुआत का उदाहरण देते हुए बताया कि वर्ष 2010 में दिल्ली में हुए राष्ट्रमंडल खेलों ने ही उन्हें खेलों की दुनिया में आने के लिए प्रेरित किया था।

उन्होंने कहा, ''अगर भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने में सफल रहता है, तो यह बहुत बड़ा अवसर होगा। मुझे लगता है कि यह कई लोगों का सपना साकार होने जैसा होगा। खेलों में मेरी शुरुआत की सबसे बड़ी वजह वर्ष 2010 में दिल्ली में हुए राष्ट्रमंडल खेल थे। मैंने टेलीविजन पर कुछ खिलाड़ियों को देखा था और फिर उन्हें स्टेडियम में प्रत्यक्ष रूप से खेलते हुए देखने का मौका मिला। मैंने भारोत्तोलन और बैडमिंटन जैसे खेल देखे। उस समय राष्ट्रमंडल खेलों या ओलंपिक के बारे में मुझे ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन वे खिलाड़ी मेरे आदर्श बन गए थे। इसके बाद वर्ष 2012 में मैंने पहली बार लंदन ओलंपिक खेलों को देखा।''

तेजस्विन ने आगे कहा, ''अगर भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी का अवसर मिलता है तो यह उन तमाम युवा खिलाड़ियों के लिए शानदार मौका होगा, जो उस समय 10, 12 या 13 साल के होंगे। हो सकता है कि उनमें से कई बच्चे खेलों से प्रेरित होकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे आएं। मेरे जैसे कई नए तेजस्विन तैयार हो सकते हैं। अगर भारत को यह अवसर मिलता है तो यह वाकई बेहद शानदार होगा।''

तेजस्विन शंकर को टॉप्स योजना के तहत प्रशिक्षण और सहयोगी स्टाफ के लिए नियमित सहायता भी मिलती रही है।

You might also like!