भाजपा 1 से 25 दिसंबर तक चलाएगी राष्ट्रव्यापी ‘सेवा दूत अभियान’, घर-घर पहुंचाएंगे मोदी सरकार की उपलब्धियां


देश 26 November 2026
post

भाजपा 1 से 25 दिसंबर तक चलाएगी राष्ट्रव्यापी ‘सेवा दूत अभियान’, घर-घर पहुंचाएंगे मोदी सरकार की उपलब्धियां

नई दिल्ली, 26 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में 1 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक ‘सेवा दूत अभियान’ चलाएगी। 25 दिन तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क अभियान का समापन 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर होगा। यह दिन पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के रूप में मनाया जाता है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और अभियान के राष्ट्रीय संयोजक हरीश द्विवेदी के नेतृत्व में चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। सूत्रों के अनुसार इस अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें भी एकत्र करेंगे, ताकि उन्हें सरकार और पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाया जा सके।

हर विधानसभा क्षेत्र में तैनात होंगे सेवा दूत

अभियान के तहत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और चयनित कार्यकर्ताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में 25 दिनों के लिए जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इन्हें ‘सेवा दूत’ या ‘विस्तारक’ के रूप में तैनात किया जाएगा। ये कार्यकर्ता संबंधित विधानसभा क्षेत्र में रहकर जमीनी स्तर पर लोगों से संपर्क करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक सेवा दूत को संगठनात्मक मंडल में लगभग पांच दिन बिताने होंगे। इस दौरान वे गांवों, शहरी वार्डों और मतदान केंद्रों तक पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। साथ ही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों की स्थिति और पार्टी संगठन की मजबूती का आकलन भी करेंगे।

अपने गृह जिले से बाहर मिलेगी जिम्मेदारी

अभियान को अधिक प्रभावी और निष्पक्ष बनाने के लिए कई राज्यों में नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनके गृह जिलों से बाहर के विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी देने की योजना है। जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में इस व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे कार्यकर्ता स्थानीय परिस्थितियों का स्वतंत्र रूप से आकलन कर सकेंगे।

कई राज्यों में तैयारियां शुरू

सेवा दूत अभियान को लेकर बिहार, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में संगठनात्मक कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे आगामी चुनाव वाले राज्यों में भी अभियान की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

You might also like!