संविधान दिवस पर बीजापुर पुलिस ने जिले के सभी थानों में ली संविधान की शपथ


छत्तीसगढ़ 26 November 2026
post

संविधान दिवस पर बीजापुर पुलिस ने जिले के सभी थानों में ली संविधान की शपथ

बीजापुर, 26 नवंबर । संविधान दिवस के अवसर पर आज गुरुवार को जिला मुख्यालय बीजापुर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) एवं बस्तर फाइटर्स के जवानों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप संविधान के प्रति निष्ठा और समर्पण की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों ने भारतीय संविधान के आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों का पालन करने का संकल्प लिया। साथ ही देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा संविधान में निहित मूल भावना के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने शपथ के माध्यम से सभी पुलिसकर्मियों को अपने कार्यों में निष्पक्षता, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी बनाए रखने के संकल्प से जोड़ा।

संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है और कानून के समक्ष समानता का सिद्धांत स्थापित करता है। ऐसे में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिस बल के लिए संविधान के मूल्यों का पालन करना विशेष महत्व रखता है।

जिले के सभी थानों में भी हुआ शपथ कार्यक्रम

संविधान दिवस के अवसर पर केवल पुलिस अधीक्षक कार्यालय ही नहीं, बल्कि बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में भी संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों एवं जवानों ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए उसके आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों का पालन करने की शपथ ली। पुलिसकर्मियों ने देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने, लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सम्मान रखने और अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से बीजापुर पुलिस ने संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और कानून के शासन को मजबूत बनाने का संदेश दिया। जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

You might also like!