रायपुर, 15 नवंबर । छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से में ठिठुरन वाली ठंड पड़ रही है।राजधानी रायपुर में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अभी तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखाई देगा।छत्तीसगढ़ में उत्तर और मध्य क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर शीतलहर का असर जारी रहेगा। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में पूरे प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 30.8°C रहा, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 7°C दर्ज किया गया। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री कम रहा। पेंड्रारोड में पारा 10.6, बिलासपुर में 14.0 और जगदलपुर में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में कहीं भी बारिश की गतिविधि नहीं देखी गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सूखी उत्तर की हवाएं लगातार ठंड बढ़ाने का काम कर रही हैं।
मौसम विभाग ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, कोरबा, राजनांदगांव, दुर्ग, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जैसे जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
छत्तीसगढ़ में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 7°C दर्ज

















