प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि भारत संयुक्त अरब अमीरात के साथ एकजुटता से खड़ा है और संवाद तथा कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है। श्री मोदी ने कहा कि होर्मुज जल डमरू मध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
 
कल ईरान के ड्रोन हमले में फुजैराह पेट्रोलियम उद्योग क्षेत्र में आग लगने से तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए थे। विदेश मंत्रालय ने भी इस हमले की निंदा करते हुए इसे अस्‍वीकार्य बताया। 
 
मंत्रालय ने इस संघर्ष को तत्‍काल समाप्‍त करने का आह्वाहन किया है और इसमें नागरिक बुनियादी ढ़ांचों और निर्दोष लोगों को निशाना बनाने की आलोचना की है। मंत्रालय ने कहा है कि पश्चिम एशिया संघर्ष को हल करने के लिए भारत लगातार वार्ता और कूटनीति का समर्थन कर रहा है ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके। भारत ने अंतरराष्‍ट्रीय कानून के अनुकूल होर्मुज जलडमरूमध्‍य में मुक्‍त और निर्बाध आवाजाही की भी अपील की। मंत्रालय ने कहा है कि भारत मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान में सभी प्रयासों में सहयोग देने के लिए तैयार है।