तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानी में आई तेजी

post

तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानी में आई तेजी

आज सोमवार को हुई झमाझम बारिश ने कुरूद क्षेत्र में जनजीवन को खासा प्रभावित कर दिया। सुबह से शुरू हुई तेज बारिश के चलते नगर की कई सड़कें और गलियां पानी से लबालब हो गईं। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई मोहल्लों में नालियों का पानी सड़कों पर फैल जाने से हालात और भी मुश्किल हो गए। चहीं दूसरी ओर बारिश से किसानी कार्य में तेजी आ गई है।

बारिश के दौरान बाजारों में भी सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं और लोग छतरी व रेनकोट के सहारे अपने गंतव्य तक पहुंचते नजर आए। नगर के कई हिस्सों में नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी समय पर नहीं निकल सका, जिससे जलभराव की स्थिति लंबे समय तक बनी रही। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बारिश से पहले नालियों की नियमित और प्रभावी सफाई कर ली जाती तो इस तरह की समस्या उत्पन्न नहीं होती। सोहन राम ध्रुव और पंकज वर्मा ने कहा कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले नालियों की सफाई में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण अधिकांश नालियां अवरुद्ध हो गईं और पानी की निकासी बाधित हुई। वहीं देवेंद्र कुमार चंद्राकर ने कहा कि नगर पालिका को उन लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, जो नालियों को अतिक्रमण या कचरा डालकर अवरुद्ध कर देते हैं। उन्होंने बताया कि पॉलिथीन और अन्य ठोस कचरे के जमा होने से नालियां जाम हो जाती हैं, जिससे बारिश का पानी सड़कों और गलियों में भर जाता है।लगातार हो रही बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। पर्याप्त वर्षा के कारण क्षेत्र में खेती-किसानी ने रफ्तार पकड़ ली है और धान की रोपाई का कार्य तेज हो गया है। ग्राम चर्रा सहित आसपास के गांवों के खेतों में किसान रिमझिम बारिश के बीच पूरे उत्साह के साथ धान की रोपाई करते नजर आए। किसानों का कहना है कि समय पर हुई अच्छी बारिश से खरीफ फसल के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं और इस वर्ष बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ गई है। एक ओर जहां शहर में जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ाई, वहीं दूसरी ओर यही बारिश किसानों के लिए खुशहाली और अच्छी फसल की उम्मीद लेकर आई है।

You might also like!