सिद्धारमैया काे मुख्यमंत्री पद से हटाया जाना ओबीसी वर्ग का अपमान: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी


देश 28 May 2026
post

सिद्धारमैया काे मुख्यमंत्री पद से हटाया जाना ओबीसी वर्ग का अपमान: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी

मंगलुरु, 28 मई । केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफ़े को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफ़ा ओबीसी वर्ग के लिए “राहुल गांधी की सौगात” है।

मंगलुरु में गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा कि जो लोग लगातार ओबीसी के नाम पर राजनीति करते रहे, उन्हीं के कार्यकाल में उसी वर्ग के मुख्यमंत्री को पद से हटाया गया, जो इस वर्ग का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित चार राज्यों में से तीन में ऊंचे वर्ग के मुख्यमंत्री हैं, जबकि कर्नाटक में ही ओबीसी मुख्यमंत्री थे, जिन्हें अब हटा दिया गया है। जोशी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल ओबीसी का नाम लेती है, लेकिन व्यवहार में इस वर्ग को लगातार नजरअंदाज करती है। उन्होंने इसे कांग्रेस की “नीति और नीयत का फर्क” बताया।

कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अराजकता, अस्थिरता और भ्रम की स्थिति पैदा करने वाली सरकार चला रही है। कर्नाटक में पिछले तीन वर्ष से आंतरिक विवाद और राजनीतिक अस्थिरता चरम पर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने जैसे वीरेंद्र पाटिल के साथ व्यवहार किया था, वैसे ही अब राहुल गांधी भी सिद्धारमैया के साथ कर रहे हैं।

राज्य की आर्थिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए जोशी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अवैज्ञानिक गारंटी योजनाओं के कारण वित्तीय स्थिति को कमजोर किया है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की भेजी गई धनराशि और योजनाओं की जानकारी के बावजूद राज्य सरकार गलत आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि जीएसटी, जल जीवन मिशन और 15वें वित्त आयोग की सहायता सहित केंद्र से कर्नाटक को पर्याप्त आर्थिक मदद मिल रही है, फिर भी राज्य सरकार केंद्र पर दोष मढ़ रही है। जोशी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस हाईकमान ने राज्य की सरकार को “एटीएम मशीन” की तरह इस्तेमाल किया है।

You might also like!