धमतरी, 02 जून। जिला अस्पताल में अब होगी 94 प्रकार की निश्शुल्क जांच जिले के लोगों को अब आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच सुविधाओं के लिए निजी लैबों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी अटल आरोग्य लैब योजना के तहत जिला अस्पताल धमतरी में अत्याधुनिक प्रयोगशाला सेवाएं शुरू हो गई हैं। इस पहल से मरीजों को 94 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर सुलभ हो सकेंगी। नई प्रयोगशाला में सीरोलॉजी, हीमेटोलॉजी, इम्यूनोएसे, हार्मोन एनालाइजर, इलेक्ट्रोलाइट एनालाइजर तथा क्लीनिकल पैथोलॉजी सहित कई महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं।
आगामी चरणों में जांच सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा। योजना की खास बात यह है कि मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल नहीं आना पड़ेगा। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सीधे मोबाइल फोन पर एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जाएगी, जिससे समय की बचत के साथ उपचार प्रक्रिया भी तेज और प्रभावी होगी। प्रदेशभर में लागू इस योजना के तहत 1,046 शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों को एकीकृत प्रयोगशाला नेटवर्क से जोड़ा गया है। जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 133 से अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। योजना का संचालन सार्वजनिक-निजी सहभागिता (पीपीपी) मॉडल के तहत एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड की स्वास्थ्य सेवा इकाई हिंदलैब्स द्वारा किया जा रहा है।
अत्याधुनिक स्वचालित उपकरणों, प्रशिक्षित विशेषज्ञों, उच्च गुणवत्ता वाले अभिकर्मकों और सुदृढ़ नमूना परिवहन व्यवस्था के कारण दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त नमूनों की भी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित की जा रही है। सभी जांच सेवाएं राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों और एनएबीएल दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हो रही हैं। अब तक जिन विशेष जांचों के लिए मरीजों को निजी प्रयोगशालाओं में भारी खर्च करना पड़ता था, वे सुविधाएं अब निःशुल्क या अत्यंत रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी खर्च में उल्लेखनीय कमी आएगी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बड़ी राहत मिलेगी। जिला धमतरी में अटल आरोग्य लैब की शुरुआत स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। यह पहल रोगों के शीघ्र निदान, प्रभावी उपचार और बेहतर जनस्वास्थ्य प्रबंधन को नई गति प्रदान करेगी तथा स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मजबूती देगी।
















