बलरामपुर : दीवार लेखन से स्वच्छता और कचरा प्रबंधन का संदेश

post

बलरामपुर : दीवार लेखन से स्वच्छता और कचरा प्रबंधन का संदेश

बलरामपुर, 02 जून कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और जनजागरूकता के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों, पंचायत भवनों और प्रमुख दीवारों पर आकर्षक संदेशों के माध्यम से दीवार लेखन किया जा रहा है। इन संदेशों के जरिए ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, कचरे का सही निस्तारण करने और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

दीवार लेखन में घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण, जल स्रोतों के पास कचरा न फेंकने, कचरा जलाने पर रोक तथा स्वच्छता शुल्क के नियमित भुगतान जैसी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल की गई है। साथ ही स्वच्छता दीदियां और पंचायत प्रतिनिधि घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।

कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ गांव तथा जिले के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक कचरा प्रबंधन नियमों का पालन करते हुए स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग दें, ताकि बलरामपुर-रामानुजगंज जिला स्वच्छ और आदर्श जिले के रूप में स्थापित हो सके।

You might also like!