फॉर्मूला-1 और लास वेगास के बीच 2037 तक करार, अगले 10 वर्षों तक स्ट्रिप पर दौड़ेंगी रेस कारें


खेल 05 June 2026
post

फॉर्मूला-1 और लास वेगास के बीच 2037 तक करार, अगले 10 वर्षों तक स्ट्रिप पर दौड़ेंगी रेस कारें

लास वेगास, 05 जून ।फॉर्मूला-1 ने शुक्रवार को आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि प्रतिष्ठित लास वेगास ग्रां प्री अब 2037 तक आयोजित होती रहेगी। नए 10 वर्षीय विस्तार समझौते के तहत फॉर्मूला-1, लास वेगास ग्रां प्री इंक., क्लार्क काउंटी प्रशासन और लास वेगास कन्वेंशन एंड विजिटर्स अथॉरिटी (एलवीसीवीए) ने इस वैश्विक आयोजन के भविष्य को दीर्घकालिक रूप से सुरक्षित किया है।

2023 में फॉर्मूला-1 कैलेंडर में शामिल होने के बाद लास वेगास ग्रां प्री ने खुद को दुनिया के सबसे चर्चित मोटरस्पोर्ट आयोजनों में स्थापित किया है। लास वेगास स्ट्रिप के बीचोंबीच होने वाली यह रेस अब केवल खेल आयोजन नहीं बल्कि खेल, मनोरंजन, व्यवसाय और पर्यटन का वैश्विक मंच बन चुकी है।
6.2 किलोमीटर लंबे लास वेगास स्ट्रिप सर्किट पर ड्राइवर 322 किमी प्रति घंटे (200 मील प्रति घंटा) से अधिक की रफ्तार से दौड़ते हैं। यह ट्रैक बेलाजियो, सीज़र्स पैलेस, विन लास वेगास और द वेनेशियन रिज़ॉर्ट जैसे प्रतिष्ठित स्थलों के बीच से गुजरता है।

रेस के इतिहास में अब तक मैक्स वर्स्टैपेन ने दो बार (2023 और 2025) जीत हासिल की है, जबकि जॉर्ज रसेल ने 2024 में खिताब अपने नाम किया था। 2024 के आयोजन में कुल 113 ओवरटेक देखने को मिले थे और उसी वर्ष वर्स्टैपेन ने लगातार चौथा एफआईए फॉर्मूला-1 विश्व चैम्पियनशिप खिताब जीता था।आर्थिक प्रभाव के मामले में भी यह आयोजन बेहद सफल रहा है। 2023 से 2025 तक केवल तीन संस्करणों में इस ग्रां प्री ने दक्षिणी नेवादा की अर्थव्यवस्था में कुल 3.2 अरब डॉलर का योगदान दिया। सभी तीनों संस्करण पूरी तरह सोल्ड आउट रहे।

केवल 2025 में इस आयोजन से 4.3 करोड़ डॉलर का राज्य और स्थानीय कर राजस्व प्राप्त हुआ, जिसमें से 1.5 करोड़ डॉलर स्थानीय K-12 शिक्षा कार्यक्रमों के लिए निर्धारित किए गए।इसके अलावा, लास वेगास ग्रां प्री फाउंडेशन ने अब तक गैर-लाभकारी संस्थाओं को 20 लाख डॉलर से अधिक का सहयोग दिया है और स्थानीय छात्रों के लिए शैक्षिक अवसर भी उपलब्ध कराए हैं।

फॉर्मूला-1 के अध्यक्ष और सीईओ स्टेफानो डोमेनिकाली ने कहा कि लास वेगास ने कम समय में खुद को अमेरिका में फॉर्मूला-1 की पहचान का प्रमुख केंद्र बना लिया है और यह विस्तार उस दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।वहीं, लास वेगास ग्रां प्री इंक. की अध्यक्ष और सीईओ एमिली प्रेज़र ने कहा कि 2037 तक का विस्तार स्थानीय साझेदारियों की सफलता और समुदाय के सहयोग का परिणाम है।

एलवीसीवीए के अध्यक्ष और सीईओ स्टीव हिल ने इसे लास वेगास और फॉर्मूला-1 दोनों के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह आयोजन अब शहर की वैश्विक पहचान का अहम हिस्सा बन चुका है।

You might also like!