जम्मू-कश्मीर के सांबा में खेत से मिला ड्रोन, फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया


देश 14 July 2026
post

जम्मू-कश्मीर के सांबा में खेत से मिला ड्रोन, फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया

सांबा, 14 जुलाई। जम्मू-कश्मीर के सांबा में एक ड्रोन मिला है। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को सांबा जिले में एक खेत से ड्रोन मिला। यह ड्रोन चक सलारिया के एक निवासी को देवक के पास खेत में पड़ा मिला। उन्होंने सुबह इसे देखा था। उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति ने तुरंत पास की आर्मी यूनिट को सूचना दी और इसके बाद ड्रोन को जब्त कर लिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि ड्रोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह कहां से आया है। इसकी तकनीकी खासियत क्या है और क्या इसका इस्तेमाल सीमा पार की किसी गतिविधि के लिए किया गया था।

इससे पहले पास के नंदपुर गांव में सेना के जवानों ने सोमवार रात अरनिया की तरफ से आ रही एक अज्ञात उड़ने वाली चीज देखी जिसके ड्रोन होने का शक था। अधिकारियों ने बताया कि सेना ने तुरंत अपना एंटी-ड्रोन प्रोटोकॉल एक्टिवेट किया और संदिग्ध ड्रोन के खिलाफ जैमिंग की कार्रवाई शुरू की। उन्होंने कहा कि मिला हुआ ड्रोन वही उड़ने वाली चीज हो सकती है और माना जा रहा है कि जैमिंग ऑपरेशन के बाद यह नीचे गिर गया।

You might also like!