रायगढ़, 06 जुलाई । रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को कल शाम गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है।
साेमवार काे जारी विज्ञप्ति के अनुसार जीआरपी थाना प्रभारी आरके बोर्झा को मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 के झारसुगुड़ा छोर पर एक संदिग्ध युवक नीले रंग का बैग लेकर बैठा है, जिसके पास गांजा मौजूद है और वह ट्रेन से महाराष्ट्र जाने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपित को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान बिनोद बाग (27 वर्ष), निवासी मंदबहाल, थाना बांधरपाली, जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके बैग से चार पैकेट में रखा कुल 8.160 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
इसके अलावा आरोपित के पास से रायगढ़ से अकोला का रेलवे टिकट भी मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि वह गांजा महाराष्ट्र पहुंचाने की योजना में था। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह सड़क मार्ग से ओडिशा से रायगढ़ पहुंचा था, ताकि जांच से बचते हुए ट्रेन के जरिए मादक पदार्थ महाराष्ट्र पहुंचा सके। लेकिन जीआरपी की सतर्कता के चलते उसकी योजना विफल हो गई और वह मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गांजा की यह खेप कहां से लाई गई थी और महाराष्ट्र में इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

















