अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में हरियाणा का दबदबा, तीनों वर्गों में जीता टीम खिताब


खेल 14 July 2026
post

अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में हरियाणा का दबदबा, तीनों वर्गों में जीता टीम खिताब

रोहतक, 14 जुलाई । मेजबान हरियाणा ने अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष फ्रीस्टाइल, ग्रीको-रोमन और महिला वर्ग तीनों में टीम चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) रोहतक में आयोजित इस प्रतियोगिता में हरियाणा ने सभी वर्गों में अपना दबदबा कायम रखा।

पुरुष फ्रीस्टाइल में हरियाणा ने 200 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) 138 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

ग्रीको-रोमन वर्ग में भी हरियाणा ने 195 अंक जुटाकर खिताब अपने नाम किया, जबकि एसएससीबी 165 अंकों के साथ उपविजेता रहा।

महिला वर्ग में हरियाणा ने 183 अंक अर्जित कर टीम चैंपियनशिप जीती, जबकि महाराष्ट्र 160 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में युवा पहलवानों का स्तर बेहद शानदार रहा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की सफलता उसकी मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है, जबकि सर्विसेज और अन्य राज्यों के खिलाड़ियों ने भी उच्च स्तरीय प्रदर्शन कर प्रतिस्पर्धा को और मजबूत बनाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महासंघ इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा ताकि वे सीनियर स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकें।

महिला वर्ग के प्रमुख स्वर्ण पदक विजेता

50 किग्रा में मध्य प्रदेश की प्रियंशी प्रजापत, 53 किग्रा में हरियाणा की कीर्ति, 55 किग्रा में हरियाणा की ज्योति, 57 किग्रा में हरियाणा की रीना, 59 किग्रा में हरियाणा की सिमरन, 62 किग्रा में एसएससीबी की अंजलि, 65 किग्रा में चंडीगढ़ की खुशी रानी, 68 किग्रा में राजस्थान की अश्विनी विश्नोई, 72 किग्रा में महाराष्ट्र की अमृता और 76 किग्रा में महाराष्ट्र की वेदिका ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

पुरुष फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन में चमके ये पहलवान

पुरुष फ्रीस्टाइल में 74 किग्रा वर्ग में एसएससीबी के नरेंद्र, 79 किग्रा में हरियाणा के पारस, 86 किग्रा में एसएससीबी के साहिल दलाल और 125 किग्रा में पंजाब के जसपूरन सिंह ने स्वर्ण पदक जीते।

ग्रीको-रोमन वर्ग में 55 किग्रा में हरियाणा के निखिल, 60 किग्रा में एसएससीबी के खुंडोंगबाम, 67 किग्रा में एसएससीबी के सागर सिंह, 72 किग्रा में हरियाणा के विनीत दहिया, 77 किग्रा में हरियाणा के तुषार, 82 किग्रा में एसएससीबी के दीपक पूनिया, 87 किग्रा में महाराष्ट्र के विनय विट्ठल पुजारी, 97 किग्रा और 130 किग्रा वर्ग में हरियाणा के पीयूष कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किए।

इस प्रतियोगिता में हरियाणा के युवा पहलवानों ने एक बार फिर साबित किया कि भारतीय कुश्ती में उनका दबदबा लगातार कायम है।

You might also like!