रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी


देश 18 July 2026
post

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

 रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की। यह पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन है जो उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के रामनगर को गढ़वाल क्षेत्र की राजधानी देहरादून से जोड़ेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

रेल मंत्रालय ने बताया कि ट्रेन सप्ताह में दो दिन बुधवार और शुक्रवार चलेगी। ट्रेन संख्या 15310 सुबह 05:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15309 दोपहर 15:55 बजे देहरादून से चलकर रात 23:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। ट्रेन रास्ते में काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर रुकेगी।

इस ट्रेन में एसी सेकेंड क्लास, एसी थर्ड क्लास, एसी चेयर कार, स्लीपर क्लास, सेकेंड सिटिंग और जनरल सेकेंड क्लास कोच होंगे। नई सेवा से नैनीताल, उधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के लोग लाभान्वित होंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह ट्रेन दोनों क्षेत्रों के बीच तेज, सुविधाजनक और भरोसेमंद रेल संपर्क प्रदान करेगी। ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि हरिद्वार पर दबाव कम हो। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास तेजी से चल रहा है, जिनमें देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर, कोटद्वार, रुड़की और काठगोदाम शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस की शुरुआत उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। धामी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का काम तेजी से चल रहा है और यह उत्तराखंड के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास की जीवनरेखा बनेगी।

You might also like!