तेल की बढ़ती कीमतों से शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स-निफ्टी करीब 1% टूटकर खुले


व्यापार 24 July 2026
post

तेल की बढ़ती कीमतों से शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स-निफ्टी करीब 1% टूटकर खुले

वैश्विक अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से निवेशकों की धारणा कमजोर हुई, जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों शुरुआती कारोबार में करीब एक प्रतिशत तक लुढ़क गए।

बीएसई सेंसेक्स 683.20 अंक यानी 0.89 प्रतिशत गिरकर 75,708.19 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 203.25 अंक यानी 0.85 प्रतिशत टूटकर 23,666.35 पर पहुंच गया।

बाजार में सभी सेक्टोरल सूचकांक लाल निशान में कारोबार करते दिखे। सबसे अधिक दबाव रियल्टी, मेटल और वित्तीय शेयरों पर रहा। निफ्टी रियल्टी 0.95 प्रतिशत, निफ्टी मेटल 0.92 प्रतिशत और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.76 प्रतिशत तक फिसल गए। इसके अलावा निफ्टी पीएसयू बैंक, ऑटो, प्राइवेट बैंक, एफएमसीजी और आईटी सूचकांकों में भी 0.60 से 0.75 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

अमेरिकी 10 वर्षीय ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड का बढ़कर 4.7 प्रतिशत तक पहुंचना वैश्विक इक्विटी बाजारों के लिए एक और निकट अवधि का जोखिम है।

 घरेलू बाजार की कमजोर शुरुआत का असर वैश्विक बाजारों में भी देखने को मिला। जापान का निक्केई करीब 3 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 3 प्रतिशत से अधिक और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5 प्रतिशत से ज्यादा टूट गया। वहीं अमेरिकी बाजारों में गुरुवार को एसएंडपी 500 में 1.21 प्रतिशत और नैस्डैक में 2.15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.69 प्रतिशत बढ़कर 92.83 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।

You might also like!