मानसून बाइक रैली से पर्यटन, स्वच्छता और सुरक्षित यातायात का दिया संदेश

post

मानसून बाइक रैली से पर्यटन, स्वच्छता और सुरक्षित यातायात का दिया संदेश

 धमतरी जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्वच्छता और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह जिला प्रशासन ने मानसून बाइक रैली का आयोजन किया। सुबह 7 बजे संयुक्त जिला कार्यालय (कलेक्ट्रेट) परिसर से शुरू हुई यह रैली रुद्री चौक होते हुए प्रसिद्ध नरहरा जलप्रपात तक पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने स्वच्छ पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

रैली में जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, युवा बाइक राइडर्स तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने यातायात नियमों का पालन करते हुए अनुशासित ढंग से बाइक चलाई और लोगों को हेलमेट पहनने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध जिला है। इन स्थलों का संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक जिले के जलप्रपातों और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण करने आते हैं, इसलिए पर्यावरण संरक्षण, साफ-सफाई और सुरक्षित यातायात के प्रति लोगों को जागरूक करना आवश्यक है।

इसी उद्देश्य से मानसून बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने प्लास्टिक मुक्त पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश देते हुए लोगों से प्राकृतिक स्थलों की सुंदरता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस पहल से जिले में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी तथा स्वच्छ, सुरक्षित और जिम्मेदार पर्यटन की संस्कृति को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

You might also like!