विकासखंड के ग्राम पंचायत परसदा में जल जीवन मिशन से अब प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति हो रही है। पहले जहां ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं आज घर-घर नल कनेक्शन मिलने से उनकी दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है। इस योजना ने न केवल पेयजल की समस्या का समाधान किया है, बल्कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाया है।
ग्राम परसदा की हीरा बाई बताती हैं कि एक समय ऐसा था जब उनके परिवार के लिए स्वच्छ पेयजल जुटाना सबसे बड़ी चुनौती हुआ करती थी। रोजाना घंटों पानी लाने में लग जाते थे, जिससे घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाने में कठिनाई होती थी। कई बार बच्चों को भी पढ़ाई छोड़कर पानी लाने में सहयोग करना पड़ता था। असुरक्षित जल स्रोतों के कारण परिवार जलजनित बीमारियों से भी प्रभावित रहता था और उपचार पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता था।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम परसदा में योजनाबद्ध तरीके से पाइपलाइन बिछाकर प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। योजना पूर्ण होने के बाद हीरा बाई सहित पूरे गांव के जीवन में बड़ा परिवर्तन देखने को मिला। अब घर में नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से महिलाओं का समय बच रहा है, जिसे वे परिवार की देखभाल, बच्चों की पढ़ाई और आय बढ़ाने वाले कार्यों में लगा रही हैं। बच्चों को अब पानी लाने की चिंता नहीं रहती, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित नहीं होती। वहीं स्वच्छ पेयजल मिलने से जलजनित बीमारियों में कमी आई है और चिकित्सा पर होने वाला खर्च भी घटा है।
नल से जल पहुंचने पर बदली ग्रामीणों की दिनचर्या, महिलाओं को मिली बड़ी राहत

















