नितिन नवीन और बीएल संतोष आज विशाखापत्तनम होंगे रवाना, संघ की समन्वय बैठक में होंगे शामिल


देश 17 August 2026
post

नितिन नवीन और बीएल संतोष आज विशाखापत्तनम होंगे रवाना, संघ की समन्वय बैठक में होंगे शामिल

नई दिल्ली, 17 अगस्त ।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष आज शाम विशाखापत्तनम के लिए रवाना होंगे। दोनों नेता आंध्र प्रदेश में होने वाली महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच संगठनात्मक समन्वय के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 18 अगस्त को आंध्र प्रदेश भाजपा की कोर कमिटी की बैठक आयोजित होगी, जिसमें नितिन नवीन और बीएल संतोष शामिल होंगे। बैठक में राज्य में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

इसके बाद 19 से 21 अगस्त तक विशाखापत्तनम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक होगी। नितिन नवीन और बीएल संतोष इस बैठक में भाजपा का प्रतिनिधित्व करेंगे। संघ की समन्वय बैठक में संघ परिवार से जुड़े कुल 32 विभिन्न संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। नितिन नवीन के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद संघ की इस महत्वपूर्ण बैठक में उनकी भागीदारी को खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, संगठन महामंत्री बीएल संतोष लंबे समय से भाजपा और संघ के बीच संगठनात्मक समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

तीन दिवसीय बैठक के दौरान विभिन्न संगठनों के बीच बेहतर तालमेल, संगठन के विस्तार और सामाजिक क्षेत्र में चल रहे कार्यों समेत कई मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है। आंध्र प्रदेश भाजपा की कोर कमिटी बैठक और इसके बाद संघ की समन्वय बैठक में शीर्ष भाजपा नेताओं की मौजूदगी से राज्य में पार्टी के संगठनात्मक दृष्टिकोण और भविष्य की रणनीति पर भी नजर रहेगी।

You might also like!