₹80 हजार की आर्थिक सहायता से शुरू किया गरम मसाले का व्यवसाय, बेटे की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी निभाने में मिला संबल

post

₹80 हजार की आर्थिक सहायता से शुरू किया गरम मसाले का व्यवसाय, बेटे की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी निभाने में मिला संबल

मेहनत, आत्मविश्वास और शासकीय योजनाओं का सहयोग जब एक साथ मिलता है, तो परिस्थितियां बदलने में देर नहीं लगती। ग्राम देमार की श्रीमती दयावती यादव की कहानी इसका प्रेरक उदाहरण है। कभी परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए मजदूरी पर निर्भर दयावती आज स्वयं का छोटा व्यवसाय संचालित कर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्षम योजना से मिली ₹80,000 की आर्थिक सहायता ने उनके लिए स्वरोजगार का नया रास्ता खोला है।

दयावती बताती हैं कि परिवार में उनके साथ 11वीं कक्षा में अध्ययनरत बेटा और ऐसी सासू मां हैं, जो काम करने में सक्षम नहीं हैं। परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घर का खर्च चलाने और बेटे की पढ़ाई जारी रखने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान उन्हें महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सक्षम योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत प्राप्त ₹80,000 की सहायता राशि को उन्होंने स्वरोजगार में निवेश करने का निर्णय लिया।

दयावती ने इस राशि से गरम मसाले का व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने सीलिंग मशीन, पैकिंग सामग्री और आवश्यक कच्चा माल खरीदा। इलायची, तेजपत्ता, दालचीनी सहित अन्य मसालों को तैयार कर आकर्षक पैकिंग में बाजार तक पहुंचाने की दिशा में उन्होंने कदम बढ़ाया। आज उनके पास 100 से अधिक डिब्बों में पैक किया हुआ तैयार मसाला है और वे अपने उत्पाद को बेचकर आय अर्जित कर रही हैं। उनका लक्ष्य आने वाले समय में व्यवसाय का विस्तार कर अधिक मात्रा में मसाला उत्पादन एवं बिक्री करना है।

दयावती कहती हैं कि सक्षम योजना ने उन्हें केवल आर्थिक सहायता नहीं दी, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास भी दिया। अब वे परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण करने के साथ अपने बेटे की पढ़ाई को भी आगे बढ़ा पा रही हैं। “सक्षम योजना ने मुझे मजदूर से उद्यमी बना दिया। इस सहयोग ने मेरे जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास पैदा किया है।” उन्होंने कहा।
   उन्हें महतारी वंदन की राशि की किश्त भी मिल गयी है। राखी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद और शुभकामनाएं देते हुए दयावती ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे प्रयासों से उन्हें नई दिशा मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री को भाई के रूप में धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचने से वे सम्मान के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की बहनों के लिए इसी तरह सहयोग और संवेदनशीलता बनाए रखने की कामना की।
  सक्षम योजना का उद्देश्य ऐसी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, जो अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए संघर्ष कर रही हैं और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं। पात्र हितग्राहियों को योजना के प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आजीविका के स्थायी साधन विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। दयावती यादव की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही अवसर, शासकीय सहयोग और स्वयं की मेहनत से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की मिसाल भी बन सकती हैं।


You might also like!