एशियाई खेल: पाकिस्तान ने थाईलैंड को तीन विकेट से हराकर महिला क्रिकेट के सेमीफाइनल में बनाई जगह


खेल 17 September 2026
post

एशियाई खेल: पाकिस्तान ने थाईलैंड को तीन विकेट से हराकर महिला क्रिकेट के सेमीफाइनल में बनाई जगह

निसिन, 17 सितंबर   पाकिस्तान ने एशियाई खेल 2026 में महिला क्रिकेट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में थाईलैंड को तीन विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में बारिश के कारण मुकाबला 11-11 ओवर का कर दिया गया था।

सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना शुक्रवार को होने वाले श्रीलंका और मलेशिया के बीच क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए थाईलैंड ने 11 ओवर में चार विकेट पर 91 रन बनाए। नन्नापत कोंचारोएनकाई ने सर्वाधिक 49 रन की पारी खेली। उन्होंने 38 गेंदों का सामना किया। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने अच्छी शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा और शवाल जुल्फिकार ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। दोनों के आउट होने के बाद थाईलैंड के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और पाकिस्तान के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे।

पाकिस्तान की स्थिति उस समय मुश्किल हो गई, जब आठवें ओवर में कप्तान फातिमा सना 13 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हो गईं। उस समय पाकिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 70 रन था।

इसके बाद तुबा हसन, ईमान नसीर और उम्म-ए-हानी ने धैर्य बनाए रखा और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। पाकिस्तान ने दो गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली।

इससे पहले दिन में बांग्लादेश ने चीन के खिलाफ उसका क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश के कारण रद्द होने के बाद सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।

You might also like!