‘भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है’
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं. भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है. मैं
उनके जल्द स्वस्थ होने, नई ऊर्जा और अच्छे स्वास्थ्य की
कामना करता हूं."

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073
के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को ‘हीरो’ बताया है. पीएम मोदी ने
कहा एक बड़े खतरे के दौरान खुद गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी कैप्टन मच्छार ने
दूसरों की जान बचाने का साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया. कैप्टन की बहादुरी से सैकड़ों
लोगों की जान बची और एक बड़ी घटना टल गई.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं. भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है. मैं
उनके जल्द स्वस्थ होने, नई ऊर्जा और अच्छे स्वास्थ्य की
कामना करता हूं."
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी
फ्लाईदुबई फ्लाइट के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की.
ट्रंप ने बताया कि घायल होने के बावजूद मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब
रहे और मदद के लिए आवाज लगाई. उन्होंने कहा कि एक तरह से पायलट “हीरो” हैं. ट्रंप
के मुताबिक, विमान हजारों फीट नीचे जा रहा था, तभी यात्रियों और क्रू ने मदद की और विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतारा
गया.
Fox News के मुताबिक ट्रंप ने यह भी कहा कि एक
यात्री, जो इजरायल का प्लंबर था और जिसे विमान उड़ाने का कोई
अनुभव नहीं था, उसने कॉकपिट से चीखने की आवाज सुनी और मदद के
लिए आगे पहुंच गया. उसके बाद उसने हमलावर को पायलट की सीट से हटाने में मदद की.
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर सह-पायलट ने
कथित तौर पर कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला किया. रॉयटर्स के मुताबिक, इसके बाद विमान करीब 14,000 फीट नीचे आ गया. घायल
होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने सह-पायलट को काबू किया. विमान में मौजूद
फ्लाईदुबई के दूसरे पायलटों ने नियंत्रण संभाला और विमान को सऊदी अरब के तबुक
एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा.
घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छार को सऊदी अरब के तबुक स्थित
अस्पताल में भर्ती कराया गया. भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है और भारतीय अधिकारी उनके परिवार
तथा सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है. भारतीय दूतावास ने एक्स पर बताया कि मच्छार
की हालत स्थिर है. रिपोर्टों के मुताबिक, मुंबई के रहने वाले
मच्छार की घटना के बाद सर्जरी भी हुई.
स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं और मुंबई से ताल्लुक रखते हैं.
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उन्होंने फ्लाईदुबई से पहले भारतीय एयरलाइन SpiceJet
में 11 साल से अधिक समय तक काम किया है. इसके
बाद वह फ्लाईदुबई से जुड़े.