नई दिल्ली, 01 अक्टूबर ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मजबूती के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। वहीं एशियाई बाजार में आज गिफ्ट निफ्टी में कमजोरी आने के बावजूद आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ है।
बॉन्ड यील्ड की मजबूती के कारण अमेरिकी बाजार के सेंटीमेंट पर नेगेटिव असर पड़ा है। इसकी वजह से पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट के सूचकांक ऊपरी स्तर से नीचे फिसल गए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज अपने ऊपरी स्तर से 600 अंक टूट गया। इसी तरफ एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,651.54 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर, नैस्डेक 0.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ 26,861.06 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज 146.04 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 51,052.09 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.29 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,606 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 71.36 अंक यानी 0.90 प्रतिशत गिरावट के साथ 7,964.51 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 200.02 अंक यानी 0.79 प्रतिशत टूट कर 25,199.19 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से सात के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। गिफ्ट निफ्टी 0.21 प्रतिशत लुढ़क कर 22,611.50 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,044.66 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
दूसरी ओर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,686.97 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 89.70 अंक यानी 0.36 प्रतिशत उछल कर 24,613.27 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। निक्केई इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 1,776.28 अंक यानी 2.66 प्रतिशत उछल कर 68,530 अंक के स्तर पर आ गया है।
कोस्पी इंडेक्स ने भी आज जोरदार तेजी दिखाई है। फिलहाल यह सूचकांक 80.12 अंक यानी 1.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,918.16 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 161.27 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 48,101.40 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 3,842.19 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.22 प्रतिशत की उछाल के साथ 1,562.43 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में तेजी का रुख

















