रायगढ़, 25 सितंबर । थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र के बिहारी ढाबा संचालक मोंटू गुप्ता द्वारा पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अशोभनीय आचरण करने की शिकायत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
मामले के प्रथम दृष्टया परीक्षण के बाद थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी को कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के प्रथम दृष्टया पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, आरक्षक विजय राठिया को ढाबा संचालक के साथ अशोभनीय आचरण के मामले में प्रथम दृष्टया संलिप्तता पाए जाने पर रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को ढाबा संचालक मोंटू गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायगढ़ पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 23 सितंबर की रात थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी सहित अन्य पुलिसकर्मी उसके ढाबे पर पहुंचे थे। इस दौरान विवाद होने के बाद उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया।
शिकायत मिलने के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना। प्रारंभिक परीक्षण में पुलिसकर्मियों के आचरण तथा कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आने पर दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
मामले की निष्पक्ष और समुचित जांच के लिए एसएसपी ने एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

















