नेपाल में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए विमानन सुरक्षा सतर्कता बढ़ाने का निर्देश


विदेश 29 October 2026
post

नेपाल में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए विमानन सुरक्षा सतर्कता बढ़ाने का निर्देश

काठमांडू, 29 अक्टूबर  नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए विमानन सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने का आग्रह किया है। प्राधिकरण ने आज एक सुरक्षा परिपत्र जारी करते हुए हवाई सेवा प्रदाताओं, हवाई अड्डा संचालकों, विमान कंपनियों और अन्य संबंधित निकायों को आवश्यक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। प्राधिकरण के अनुसार, इस मौसम प्रणाली के कारण नेपाल के पर्वतीय और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और बर्फबारी हो सकती है।

प्राधिकरण ने 29 और 30 अक्टूबर को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी । भारी बारिश, तेज हवाओं और दृश्यता कम होने से विमानों के उड़ान भरने और उतरने, हवाई अड्डों के संचालन तथा रनवे की स्थिति प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा, प्राधिकरण ने हवाई यातायात प्रबंधन से जुड़े निकायों को प्रतिकूल मौसम की स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी उड़ान प्रबंधन योजना तैयार करने और आवश्यकता के अनुसार अन्य विमानन इकाइयों के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है।

यदि मौसम की स्थिति निर्धारित परिचालन सीमाओं से अधिक खराब हो जाती है, तो उड़ानों के मार्ग में बदलाव, विमानों को निर्धारित क्षेत्र में प्रतीक्षा कराने या अन्य आवश्यक परिचालन उपाय अपनाने को कहा गया है। सुरक्षा परिपत्र में यह भी निर्देश दिया गया है कि हवा की दिशा और गति में अचानक बदलाव (विंड शीयर), वायुमंडल में गंभीर अस्थिरता और गरज-चमक की जानकारी आने और जाने वाले विमानों तक तत्काल पहुंचाई जाए।

इसके साथ ही, सभी संबंधित निकायों को हवाई नेविगेशन सेवाओं और हवाई यातायात प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को पूरी तरह परिचालन के लिए तैयार रखने को कहा गया है। इसमें वैकल्पिक बिजली आपूर्ति और संचार प्रणालियां भी शामिल हैं। प्राधिकरण ने गंभीर जोखिम, परिचालन में बाधा या सुरक्षा से जुड़ी किसी भी घटना की सूचना निर्धारित माध्यमों से तत्काल देने का भी निर्देश दिया है।

You might also like!