भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला से बाहर हुए लॉकी फर्ग्यूसन, मैट फिशर को मिला मौका


खेल 29 October 2026
post

भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला से बाहर हुए लॉकी फर्ग्यूसन, मैट फिशर को मिला मौका

ऑकलैंड, 29 अक्टूबर 

भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के बीच न्यूजीलैंड को एक और झटका लगा है। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के कारण भारत के खिलाफ जारी टी20 श्रृंखला के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मैट फिशर को टीम में शामिल किया गया है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि फर्ग्यूसन को हेगले ओवल में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान दाएं पिंडली में दर्द महसूस हुआ था। इसके बाद कराई गई जांच में उनकी मांसपेशियों में हल्का खिंचाव पाया गया। उन्हें मैदान पर वापसी करने से पहले लगभग एक सप्ताह और आराम करना पड़ सकता है।

इस बीच, तेज गेंदबाज मैट हेनरी की भी दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान दाहिनी जांघ की मांसपेशी में दर्द के बाद जांच की गई। उनकी मांसपेशियों में भी हल्का खिंचाव पाया गया है। उन्हें ठीक होने में एक से दो सप्ताह का समय लग सकता है।

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा, “लॉकी और मैट के चोटिल होने से हम निराश हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चोटें खेल का हिस्सा हैं, लेकिन जब खिलाड़ियों को मुकाबलों से बाहर होना पड़ता है, तो यह निराशाजनक होता है।”

उन्होंने कहा, “मैट को पहले से ही कार्यभार प्रबंधन के तहत बाकी टी20 मुकाबलों से बाहर रहना था, ताकि वह गर्मियों के व्यस्त कार्यक्रम के लिए तैयार रह सकें। हमें उम्मीद है कि वह एकदिवसीय श्रृंखला में अहम भूमिका निभाएंगे। लॉकी कल ईडन पार्क में खचाखच भरे घरेलू दर्शकों के सामने खेलने के लिए बेहद उत्साहित थे, लेकिन वह एकदिवसीय श्रृंखला के लिए वापसी करने को लेकर दृढ़ हैं।”

हेनरी को कार्यभार प्रबंधन की योजना के तहत आगामी एकदिवसीय श्रृंखला में टीम में लौटना था। न्यूजीलैंड को उम्मीद है कि वह तय कार्यक्रम के अनुसार वापसी कर सकेंगे।

वहीं, काइल जैमीसन भी निर्धारित कार्यभार प्रबंधन के तहत वेलिंगटन में ही रहेंगे। वह शनिवार को फोर्ड ट्रॉफी के दूसरे दौर में कैंटरबरी की ओर से खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद सोमवार को एकदिवसीय श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे।

भारत तीन मैचों में जीत दर्ज कर श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है। दोनों टीमों के बीच चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा।

You might also like!