ईडी का श्रीनगर में आतंकी फंडिंग मामले में चार ठिकानों पर छापा


देश 03 November 2026
post

ईडी का श्रीनगर में आतंकी फंडिंग मामले में चार ठिकानों पर छापा

नई दिल्ली, 03 नवंबर । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के श्रीनगर क्षेत्रीय कार्यालय ने आतंकी फंडिंग से जुड़े मामले में मंगलवार को श्रीनगर के चार ठिकानों पर छापेमारी की। यह छापेमारी उमर आदिल डार और उसके सहयोगियों से जुड़े मामले में की जा रही है। ईडी के अनुसार, उमर आदिल डार प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) के रूप में काम कर रहा था और संगठन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय था।

ईडी ने बताया कि आरोप है कि उमर आदिल डार को पहले उसके सहयोगियों के साथ बड़ी मात्रा में नकदी और प्रतिबंधित संगठन से संबंधित आपत्तिजनक साहित्य के साथ पकड़ा गया था। जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी और भारत विरोधी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के मामले में वह पहले करीब चार साल जेल में भी रह चुका है।

ईडी का तलाशी अभियान अपराध से अर्जित धन का पता लगाने, वित्तीय नेटवर्क और फंडिंग के माध्यमों की पहचान करने तथा सीमा पार बैठे हैंडलरों से उनके कथित संबंधों की जांच के लिए चलाया जा रहा है। एजेंसी का उद्देश्य कथित आतंकी वित्तपोषण गतिविधियों से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाना भी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

You might also like!