नई दिल्ली, 06 नवंबर। दिल्ली विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय महिला हॉकी प्रतियोगिता में भारती कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज और इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंसेज ने सुपर लीग में प्रवेश कर लिया है। श्याम लाल कॉलेज में खेली जा रही प्रतियोगिता में भारती कॉलेज और श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की।
भारती कॉलेज ने विवेकानंद कॉलेज को 4-1 से हराया। विजेता टीम की ओर से चेतना और खुशी ने दो-दो गोल किए। विवेकानंद कॉलेज की तरफ से शुभम ने एकमात्र गोल किया।
एक अन्य मुकाबले में श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज ने रामलाल आनंद कॉलेज को 4-0 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से तन्नू ने दो गोल दागे, जबकि पायल और चारनी ने एक-एक गोल किया।
दिन का तीसरा मुकाबला जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज और जीसस एंड मेरी कॉलेज के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 गोल की बराबरी पर रहीं। जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज की ओर से अंजलि ने दो और रितिका ने एक गोल किया। जीसस एंड मेरी कॉलेज की ओर से मेरी जोशना ने तीनों गोल दागे। इसके बाद हुए टाईब्रेकर में जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज ने 3-0 से जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम किया।
चौथे मुकाबले में इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंसेज को वॉकओवर मिला। इस तरह भारती कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज और इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंसेज ने सुपर लीग में अपनी जगह पक्की की।
अंतर-महाविद्यालय महिला हॉकी : भारती कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और इंदिरा गांधी संस्थान ने सुपर लीग में बनाई जगह

















