बकावंड के चार संकुल संगठनों को मिलीं मालवाहक व सवारी गाड़ियां


छत्तीसगढ़ 05 November 2026
post

बकावंड के चार संकुल संगठनों को मिलीं मालवाहक व सवारी गाड़ियां

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बस्तर अंचल की ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली है। बुधवार को विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक के भव्य मंच से बकावंड विकासखंड के चारों प्रमुख संकुल स्तरीय संगठनों को आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजनांतर्गत मालवाहक एवं सवारी वाहनों की सौगात दी गई। इस अवसर पर आयोजित वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय सांसद श्री महेश कश्यप ने अपने करकमलों से महिला क्लस्टर संगठनों की दीदियों को वाहनों की चाबियां सौंपीं और उन्हें नए व्यवसाय के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि बिहान से जुड़ी दीदियों का दायरा अब केवल घर की चहारदीवारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वे अब वाहन मालिक बनकर स्वयं परिवहन व्यवसाय का संचालन करने जा रही हैं। उन्होंने इसे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और बस्तर के सामाजिक बदलाव की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। इस योजनांतर्गत विकासखंड के बलिदान महिला क्लस्टर संगठन, रोशनी महिला क्लस्टर संगठन, तिरंगा महिला क्लस्टर संगठन और जागृति आजीविका महिला क्लस्टर संगठन को वाहन प्रदान किए गए हैं।
आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण इलाकों में परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है। इन वाहनों के संचालन से ग्रामीणों को गांव से लेकर हाट-बाजार, ब्लॉक और जिला मुख्यालय तक सुरक्षित, सुलभ और सस्ती यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही, महिला समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पाद, वनोपज और कृषि सामग्री को आसानी से दूर-दराज के बाजारों तक पहुंचाया जा सकेगा, जिससे न केवल माल ढुलाई आसान होगी बल्कि क्लस्टर संगठनों को नियमित आय भी प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं खेल व युवा कल्याण सभापति श्री बनवासी मौर्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनबारी भद्रे, जनपद उपाध्यक्ष श्री तरुण पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जनपद सीईओ श्वेता साहू तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

You might also like!