बहरीन के ईसा एयरबेस पर ईरान का ड्रोन हमला, अमेरिकी रडार सिस्टम निशाने पर, वाशिंगटन में सैन्य हलचल तेज


विदेश 17 November 2026
post

बहरीन के ईसा एयरबेस पर ईरान का ड्रोन हमला, अमेरिकी रडार सिस्टम निशाने पर, वाशिंगटन में सैन्य हलचल तेज

मनामा (बहरीन)/वाशिंगटन (अमेरिका)/तेहरान (ईरान), 17 नवंबर । बहरीन के ईसा एयरबेस पर हुए ड्रोन हमले के बाद अमेरिका में सैन्य हलचल तेज हो गई है। खाड़ी देश के सरकारी टेलीविजन का दावा है कि बहरीन ने हमले को विफल कर दिया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने मंगलवार को दावा किया कि उसने बहरीन के ईसा एयरबेस पर मौजूद अमेरिकी रडार सिस्टम पर ड्रोन से हमला किया।

अल जजीरा की रिपोर्ट में ईरान के प्रसारक आईआरआईबी के हवाले से बताया गया है कि आईआरजीसी ने बहरीन में अमेरिकी सेना की शत्रुतापूर्ण गतिविधियों को जवाब दिया है। कहा जा रहा है कि हाल के दिनों में खाड़ी देश में अमेरिकी रडार सिस्टम पर यह सबसे ताजा हमला है। इस पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि कुछ नव-रूढ़िवादी युद्ध को जारी रखना चाहते हैं।

बहरीन की राजधानी मनामा में मंगलवार को धमाकों की आवाज सुनी गई है। इससे पहले वहां के निवासियों को उनके मोबाइल फोन पर एक अलर्ट मिला, जिसमें संभावित खतरे की चेतावनी दी गई। गृह मंत्रालय के इस अलर्ट में लोगों से सबसे नजदीकी सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया। इसके कुछ देर बाद ही धमाके सुनाई दिए। वाशिंगटन और तेहरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच, बहरीन को सुरक्षा संबंधी चिंताओं का सामना करना पड़ रहा है।

एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद चार टैंकरों में आग लग गई । वहीं, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का दावा है कि उसने ईरान के केशम द्वीप के पास उड़ रहे एक अमेरिकी ड्रोन को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से अपने कब्जे में ले लिया है।

बहरीन में हमला ऐसे समय पर हुआ है जब अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष को खत्म करने के लिए की जा रही राजनयिक कोशिशें रुकी हुई हैं। यह संघर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ था और इसने पूरे खाड़ी क्षेत्र और उसके आसपास के इलाकों को प्रभावित किया है।

गल्फ डेली न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से संबंध रखने के दोषी पाए गए लोगों के एक समूह को 15 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा सुनाई गई है। हाई क्रिमिनल कोर्ट ने इनमें से कुछ पर 1-1 लाख बहरीनी दीनार का जुर्माना भी लगाया है और 80 लाख बहरीनी दीनार जब्त करने का आदेश दिया है।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, सात अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि नई अमेरिकी खुफिया जानकारी सामने आने के बाद वाशिंगटन में सैन्य हलचल तेज हो गई। खुफिया जानकारी में बताया गया है कि ईरान वाशिंगटन डीसी में डर्टी बम या रासायनिक हथियार का इस्तेमाल करके ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना बना रहा है। हालांकि, अधिकारी अभी भी इस बात पर बहस कर रहे हैं कि क्या ईरान वास्तव में ऐसी साजिश को अंजाम दे सकता है या ऐसा करने की कोशिश करेगा।

ताजा खुफिया जानकारी से वाकिफ सूत्रों का कहना है कि ईरान की इस योजना को अभी किसी आसन्न हमले के संकेत के बजाय खुद के लिए कुछ विकल्प तैयार करने की कोशिश के तौर पर देखा जा सकता है। सूत्रों ने बताया कि अमेरिका को मिली जानकारी काफी सटीक है, जिसमें संभावित ठिकानों और लक्ष्यों का जिक्र है। इसके चलते अमेरिका ने आपातकालीन तैयारियों को तेज कर दिया है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा कि अमेरिका सभी संभावित खतरों पर नजर रख रहा है।

You might also like!