छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अकवान’ का असर, रायपुर सहित कई जिलाें में रिमझिम बारिश जारी


छत्तीसगढ़ 20 November 2026
post

छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अकवान’ का असर, रायपुर सहित कई जिलाें में रिमझिम बारिश जारी

रायपुर 20 नवंबर । छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के आज उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटों से टकराने की संभावना है। इसका असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई दे रहा है, जो अगले पांच दिनों तक जारी रह सकता है।


राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह से ठंडी हवाएं चलती रहीं और रात काे रुक-रुककर बारिश हुई । वहीं आज सुबह से ही रिमझिम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 20 3और 21 नवंबर को प्रदेश के दक्षिण, उत्तर और मध्य क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।


मौसम विभाग ने गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। इसके अलावा 22 से 25 नवंबर तक प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में अगले 48 घंटे प्रदेश के मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।


मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके तहत जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव जिलों के अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।


चक्रवाती तूफान के प्रभाव से राजधानी रायपुर में ठंड का एहसास बढ़ गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 20 नवंबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, गुरुवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

You might also like!