पाकिस्तानी मंत्री मसूद मलिक तीन साल बाद भारत पहुंचे, एससीओ सभ्यता संवाद फोरम में लेंगे हिस्सा


विदेश 20 November 2026
post

पाकिस्तानी मंत्री मसूद मलिक तीन साल बाद भारत पहुंचे, एससीओ सभ्यता संवाद फोरम में लेंगे हिस्सा

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मसूद मलिक (डॉ. मुसादिक मलिक) शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के प्रथम ‘सिविलाइज़ेशनल डायलॉग फोरम’ में भाग लेने के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए। भारत में पाकिस्तान उच्चायोग के चार्ज डी अफेयर्स साद वारैच ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। मलिक पिछले तीन वर्षों में भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं।

उच्चायोग की पोस्ट और यात्रा का उद्देश्य

पाकिस्तान उच्चायोग ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर जानकारी दी, “जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री @DrMusadikMalik आज नई दिल्ली पहुंचे। मलिक 20 से 22 नवंबर तक पुराना किला सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले इस फोरम के सत्रों में हिस्सा लेंगे। 

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, वे अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व और कूटनीति में इसकी भूमिका पर पाकिस्तान का नजरिया रखेंगे। अपने संबोधन में एससीओ में पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका तथा देश की विविध सभ्यतागत और सांस्कृतिक विरासत को भी रेखांकित करेंगे।

मंत्रालय ने कहा कि इस मंच में पाकिस्तान की भागीदारी ‘शंघाई स्पिरिट’ के अनुरूप संवाद, सहयोग और आपसी समझ बढ़ाने में सक्रिय योगदान को दर्शाती है।

एससीओ अध्यक्षता और भारत का निमंत्रण

पाकिस्तान वर्तमान में 2026-27 कार्यकाल के लिए एससीओ की हेड्स ऑफ स्टेट काउंसिल की अध्यक्षता कर रहा है। इसके तहत इस्लामाबाद अगले शिखर सम्मेलन से पहले मंत्री-स्तरीय बैठकें, विशेषज्ञ समूहों की चर्चाएं और अन्य गतिविधियां आयोजित करेगा।

पाकिस्तान की यह भागीदारी भारत द्वारा एससीओ के सभी 10 सदस्य देशों, पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को दिए गए निमंत्रण के बाद हुई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहले पुष्टि की थी कि कई देशों को आमंत्रित किया गया है और नई दिल्ली इस संवाद की मेजबानी के लिए उत्सुक है। भारत द्वारा प्रस्तावित इस पहल का मकसद यूरेशियाई क्षेत्र में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करना है।

फोरम की पृष्ठभूमि

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20 अक्टूबर को ताजिकिस्तान के दुशान्बे में एससीओ शासनाध्यक्षों की परिषद की बैठक में पहले एससीओ सभ्यताओं के संवाद मंच की मेजबानी करने की भारत की योजना की घोषणा की थी। एससीओ में भारत, पाकिस्तान, चीन और रूस सहित 10 सदस्य देश शामिल हैं। भारत 2017 में इस संगठन का पूर्ण सदस्य बना था। यह फोरम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आज शाम पुराना किला में उद्घाटन के साथ औपचारिक रूप से शुरू हो रहा है। 

You might also like!