रायगढ़ में : मुख्यमंत्री साय ने 28 समाज के प्रमुखजनों से मुलाकात कर किया संवाद


शहर 15 February 2026
post

रायगढ़ में : मुख्यमंत्री साय ने 28 समाज के प्रमुखजनों से मुलाकात कर किया संवाद

रायगढ़ 15 फ़रवरी । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने शनिवार काे रायगढ़ जिला के प्रवास के दौरान देर शाम सर्किट हाउस में जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाज प्रमुखों से मुलाकात कर संवाद किया ।

मुख्यमंत्री ने समाज के समग्र विकास में सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए सभी समाजों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

इस अवसर पर कुल 28 समाजों के प्रमुखों ने भाग लिया। इनमें अघरिया, बंगाली सिख, केरल, अग्रवाल, यादव, साहू, माली, गुजराती, चौहान, आदिवासी, उत्कल, सिंधी, सतनामी, करण महंती, केसरवानी, बरई-थवाईत, राजपूत, मराठी, कुशवाहा, सोनी ब्राह्मण, भोजपुरी, निषाद, जैन, कोलता, देवांगन और कुम्हार समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं को प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने समाज प्रमुखों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने समाज के लोगों को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं से जोड़ने हेतु प्रेरित करें, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुँच सके।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध है और संवाद एवं समन्वय के माध्यम से विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रमुख जनों के साथ आत्मीय संवाद के बाद सौहार्दपूर्ण वातावरण में सामूहिक रूप से भोजन भी ग्रहण किया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिमौजूद थे।

You might also like!