लैलूंगा में जनसमस्या निवारण शिविर : समस्याओं का त्वरित समाधान


शहर 02 April 2026
post

लैलूंगा में जनसमस्या निवारण शिविर : समस्याओं का त्वरित समाधान

रायगढ़, 02 अप्रैल । जिला प्रशासन द्वारा लैलूंगा में गुरुवार काे आयोजित जिलास्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में आमजनों की समस्याओं का मौके पर त्वरित निराकरण किया गया तथा विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभ प्रदान किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और विभागीय स्टॉलों के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया, जिससे लोगों में संतोष और प्रशासन के प्रति विश्वास दोनों दिखाई दिए।

शिविर में “यूरिया-डीएपी छोड़बो, हरी खाद बोवाई करबो” अभियान के अंतर्गत हरी खाद की प्रदर्शनी तथा केलो जैविक ‘जवा फूल’ का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। किसानों एवं ग्रामीणों ने इसमें विशेष रुचि दिखाई और जैविक खेती के प्रति जागरूकता प्राप्त की। विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री वृद्धा पेंशन एवं विधवा पेंशन योजना का लाभ दिया गया। जनपद पंचायत के माध्यम से 13 हितग्राहियों को प्राथमिकता राशन कार्ड वितरित किए गए तथा 5 किसानों को केसीसी अंतर्गत चेक राशि प्रदान की गई। शिक्षा विभाग द्वारा 9 दिव्यांग विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कृषि विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को साइकिल व्हील, उद्यानिकी विभाग द्वारा 14 हितग्राहियों को फलदार पौधे तथा मत्स्य विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को मछली जाल एवं आइस बॉक्स प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 15 हितग्राहियों को आवास की चाबी एवं 14 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

शिविर में राजस्व विभाग द्वारा नामांतरण, बंटवारा सहित अन्य लंबित प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया। साथ ही महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई एवं नोनी सुरक्षा योजना की जानकारी भी दी गई। शिविर में विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें पीएम आवास, राशन कार्ड, राजस्व, स्वास्थ्य, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, आधार पंजीयन, आयुष्मान कार्ड, लर्निंग लाइसेंस, मत्स्य पालन, स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, केलो जैविक जवा फूल, शुद्ध रागी प्रदर्शनी आदि शामिल रहे। इन स्टॉलों पर लोगों की लगातार भीड़ रही और उन्हें एक ही स्थान पर अनेक सेवाओं का लाभ मिला।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार ने कहा कि शिविर आमजनों के लिए अत्यंत उपयोगी पहल है, जहां सभी विभागों की उपस्थिति से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य शांता भगत ने कहा कि शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल रहा है। जनपद पंचायत अध्यक्ष ज्योति भगत ने कहा कि इस पहल से योजनाएं गांव स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से आमजनों का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। सभी जनप्रतिनिधियों ने आमजनों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने एवं योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे ने शिविर का निरीक्षण किया तथा विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा हितग्राहियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। आगामी शिविर 04 अप्रैल को घरघोड़ा एवं 09 अप्रैल को खरसिया में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करना, उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना तथा प्रशासन के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं लैलूंगा तथा आसपास क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

You might also like!