भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांता पांडे ने आज कहा कि प्रौद्योगिकी व्यापार, वितरण और सलाह को नया रूप दे रही है, क्योंकि डिजिटल रूप से जुड़े, जानकार और महत्वाकांक्षी निवेशकों की एक नई पीढ़ी भारत के प्रतिभूति बाजार में प्रवेश कर रही है। मुंबई में सेबी के 38वें स्थापना दिवस समारोह में श्री पांडे ने भारतीय बाजार के रूपांतरण का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देश में अब पांच हजार 900 से अधिक सूचीबद्ध कंपनियां और 14 करोड़ से अधिक अद्वितीय निवेशक हैं। श्री पांडे ने कहा कि पिछले एक दशक में बाजार पूंजीकरण लगभग 15 प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ा है। यह निवेशकों के मजबूत विश्वास को दर्शाता है। बाजारों की बदलती प्रकृति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि केवल नियामक ही मजबूत प्रणालियां नहीं बना सकते। उद्योग के प्रतिभागियों को अनुपालन से आगे बढ़कर निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और नवाचार के प्रति वचनबद्ध होना होगा। श्री पांडे ने इस बात पर भी बल दिया कि निवेशकों के लिए विश्वास के पहले बिंदु के रूप में मध्यस्थ महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जबकि निवेशकों को बाजार में स्वयं अपनी भागीदारी के प्रति जागरूक और जिम्मेदार रहना चाहिए।
नई पीढ़ी के निवेशकों से प्रौद्योगिकी बदल रही है बाजार का स्वरूप: सेबी अध्यक्ष तुहिन कांता पांडे

















