नई दिल्ली, 18 अप्रैल । तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज टी20 डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स (डीसीएसी) और आर्यभट्ट कॉलेज ने शानदार जीत दर्ज की।
पीजीडीएवी कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पहले मैच में डीसीएसी ने कुशाग्र सिंह (50), लक्ष्य राठी (43 रन और 2/26) और ‘मैन ऑफ द मैच’ आराध्य सती (4/34) के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत श्याम लाल कॉलेज को 23 रनों से हराया। डीसीएसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 179/8 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्याम लाल कॉलेज की टीम 20 ओवर में 156/7 रन ही बना सकी। टीम की ओर से रवि राज (48) और अनिर्बान (40) ने संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं, जबकि देवांश बिष्ट ने 3/27 का प्रदर्शन किया।
दूसरे मैच में बारिश ने खेल में खलल डाला, लेकिन मुकाबला रोमांचक रहा। पीजीडीएवी कॉलेज (ईवनिंग) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 217/7 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। आर्यन दहिया ने शानदार शतक (105 रन, 44 गेंद, 8 चौके, 8 छक्के) जड़ा, जबकि अर्णव पांडे ने 53 रन का योगदान दिया। आर्यभट्ट कॉलेज की ओर से रोज़ील हून ने 4/53 विकेट झटके।
बारिश के कारण डीएलएस पद्धति के तहत आर्यभट्ट कॉलेज को 15 ओवर में 153 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 156/3 रन बनाकर 3 विकेट से जीत दर्ज कर ली। लक्ष्य (64) और हर्षवर्धन राणा (49) ने अहम भूमिका निभाई। पीजीडीएवी (ईवनिंग) की ओर से रोहित मिश्रा ने 2/41 विकेट लिए।
बेहतरीन गेंदबाजी के लिए आर्यभट्ट कॉलेज के रोज़ील हून को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। टूर्नामेंट में आगे भी ऐसे ही रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है।
स्वामी दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज टी20 टूर्नामेंट : डीसीएसी और आर्यभट्ट कॉलेज ने दर्ज की जीत
















