रोबोटिक्स के क्षेत्र में चीन लगातार नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में चाइनीज स्टार्टअप Unitree Robotics का H1 ह्यूमनॉयड रोबोट इन दिनों चर्चा में है, जिसने अपनी रफ्तार से सभी को हैरान कर दिया है। कंपनी द्वारा जारी वीडियो में यह रोबोट लगभग 10 मीटर प्रति सेकंड की स्पीड से दौड़ता नजर आता है, जो अब तक किसी भी रोबोट के लिए सबसे तेज मानी जा रही है।
इस उपलब्धि की तुलना महान धावक Usain Bolt से की जा रही है, जिन्होंने 100 मीटर की रेस में प्रति सेकंड 10.44 मीटर की रफ्तार हासिल की थी। वीडियो में H1 रोबोट को ट्रैक पर संतुलन बनाए रखते हुए तेज गति से दौड़ते देखा जा सकता है। अंत में स्पीड मापने वाले डिवाइस में इसकी गति 10.1 मीटर प्रति सेकंड दर्ज की गई।
कंपनी के अनुसार, इस रोबोट की थाई और काफ की लंबाई करीब 80 सेंटीमीटर है और इसका वजन लगभग 62 किलोग्राम है, जो एक सामान्य इंसान के बराबर है। यह रन एक टेस्ट सेशन का हिस्सा था, जो आने वाली प्रतियोगिता की तैयारी के लिए किया गया। यह रोबोट 19 अप्रैल को बीजिंग में होने वाली ह्यूमनॉयड रोबोट हाफ मैराथन में भाग लेने वाला है। कंपनी के CEO Wang Xingxing का मानना है कि आने वाले समय में ह्यूमनॉयड रोबोट, Usain Bolt के रिकॉर्ड को भी तोड़ सकते हैं।
अब रोबोट खेलों में भी दिखा रहे कमाल
अब रोबोट सिर्फ फैक्ट्री तक सीमित नहीं रहे हैं, बल्कि खेलों में भी अपनी जगह बना रहे हैं। हाल ही में Toyota ने अपने नए ह्यूमनॉयड रोबोट CUE7 को पेश किया, जो बास्केटबॉल खेलने में सक्षम है। यह CUE6 का अपग्रेडेड वर्जन है, जिसके नाम सबसे लंबे बास्केटबॉल शॉट का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है।
इन उदाहरणों से साफ है कि रोबोटिक्स तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में यह इंसानी क्षमताओं को चुनौती देने की दिशा में और भी बड़े बदलाव ला सकता है।
















