रायगढ़, 15 अप्रैल। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पुलिस कंट्रोल रूम में उद्योग प्रमुखों के साथ आज बुधवार काे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर कानून पालन और जवाबदेही को लेकर स्पष्ट संदेश दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने की। इसमें उद्योग प्रमुखों और उनके प्रतिनिधियों को अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े जोखिम और कानूनी दायित्वों के बारे में विस्तार से बताया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि अवैध कबाड़ व्यापार में लोहा-तांबा चोरी, जीएसटी धोखाधड़ी और फर्जी बिलिंग जैसे अपराध किस तरह जुड़े होते हैं। उन्होंने उद्योगों को स्पष्ट किया कि इस तरह के नेटवर्क में फंसने से कानूनी जोखिम बढ़ जाता है।
मयंक मिश्रा ने टैक्स चोरी और फर्जी बिलिंग पर लागू कड़े प्रावधानों की जानकारी दी। वहीं अनुविभागीय अधिकारी महेश शर्मा ने प्रशासनिक सख्ती और उद्योगों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि अवैध कबाड़ परिवहनकर्ता पुलिस से बचने के लिए खतरनाक तरीके अपनाते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और कानून-व्यवस्था पर असर पड़ता है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
उद्योग प्रतिनिधियों से सुझाव लेने के साथ ही उन्हें चेताया गया कि वे किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहें और संदिग्ध मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
‘ऑपरेशन प्रहार’ जारी, दोषियों पर सख्त कार्रवाई तय
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने स्पष्ट किया कि अवैध कबाड़ कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
रायगढ़ : ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत उद्योगों को चेतावनी, सख्त कार्रवाई जारी
















