सर्राफा बाजार में चांदी में तेजी का रुख, 11 हजार रुपये से भी अधिक बढ़ी कीमत


व्यापार 16 April 2026
post

सर्राफा बाजार में चांदी में तेजी का रुख, 11 हजार रुपये से भी अधिक बढ़ी कीमत

नई दिल्ली, 16 अप्रैल । घरेलू सर्राफा बाजार में हाजिर चांदी ने आज एक बार फिर जबरदस्त छलांग लगाई है। शुरुआती कारोबार में इस चमकीली धातु की कीमत में 11 हजार रुपये प्रति किलोग्राम से भी अधिक की तेजी आई है। चांदी के भाव में आए उछाल के कारण देश के अलग अलग हिस्सों में चांदी आज 2,69,900 रुपये प्रति किलोग्राम से लेकर 2,75,100 रुपये प्रति किलोग्राम तक के भाव पर बिक रही है।

दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 11,800 रुपये प्रति किलोग्राम उछल गई, जिसके कारण ये चमकीली धातु आज 2,70,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। इसी तरह मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता में चांदी 2,69,900 रुपये के भाव पर कारोबार कर रही है। जबकि जयपुर, सूरत और पुणे में चांदी 2,70,200 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बनी हुई है।

वहीं बेंगलुरु में चांदी 2,70,400 रुपये के स्तर पर और पटना तथा भुवनेश्वर में 2,70,000 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। इसके अलावा हैदराबाद में चांदी 11,600 रुपये प्रति किलोग्राम की तेजी के साथ 2,74,800 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बिक रही है। देश में चांदी की सबसे अधिक कीमत आज भी चेन्नई में है, जहां ये चमकीली धातु आज 11,900 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी होकर 2,75,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है।

मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन का कहना है कि पश्चिम एशिया में जंग थमने की उम्मीद से सोना और चांदी की कीमत को सपोर्ट मिला है। खासकर, डॉलर इंडेक्स में आई कमजोरी से निवेशकों का रुझान इन दोनों चमकीली धातुओं की ओर बढ़ा है। जियो पॉलिटिकल टेंशन के बीच घरेलू सर्राफा बाजार पिछले एक महीने की अवधि में चांदी की कीमत में 20 हजार रुपये प्रति किलग्राम तक की तेजी दर्ज की गई है।

मयंक मोहन के अनुसार फिलहाल पश्चिम एशिया में जारी जंग की वजह से चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांड में गिरावट आ गई है। इसलिए फिलहाल इस चमकीली धातु की कीमत मे जोरदार उछाल का रुख नहीं बन पा रहा है। लेकिन, पश्चिम एशिया में शांति का माहौल बनने के बाद औद्योगिक गतिविधियां तेज होने पर चांदी की मांग भी बढ़ जाएगी। ऐसा होने पर इस चमकीली धातु की कीमत में दोबार तेजी आने की उम्मीद बनी हुई है। हालांकि ये पूरी उम्मीद पश्चिम एशिया में जारी जंग के थमने पर ही निर्भर करेगी।

You might also like!