अमेरिकी विदेश विभाग ने पुष्टि की है कि अमेरिका गुरुवार को लेबनान और इज़राइल के बीच वार्ता के दूसरे दौर की मेज़बानी करेगा। क्षेत्रीय तनाव के बीच दोनों देश सीधी बातचीत को आगे बढ़ा रहे हैं। विदेश विभाग में होने वाली ये वार्ता, पिछले सप्ताह हिज़्बुल्लाह और इज़राइल के बीच लागू हुए नाजुक युद्धविराम के बाद पहली वार्ता होगी।
अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका 14 अप्रैल को शुरू हुई सार्थक बातचीत का स्वागत करता है। वाशिंगटन में लेबनान की राजदूत नाडा हमादेह और उनके इजरायली समकक्ष येचिएल लीटर ने 14 अप्रैल को वार्ता के पहले दौर का नेतृत्व किया, जिसमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी उपस्थित थे।
टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने दोहराया कि बेरूत इजरायल के साथ बातचीत जारी रखेगा और कहा कि ये वार्ता न तो कमजोरी है और न ही पीछे हटना। लेकिन हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने वार्ता को खारिज करते हुए इसे लेबनान सरकार द्वारा इजरायल को दी जा रही उन रियायतों की श्रृंखला का हिस्सा बताया जिनसे उसे नुकसान हो रहा है। ये वार्ता लेबनान की राजधानी बेरूत समेत पूरे लेबनान में इजरायल द्वारा किए गए भीषण हवाई हमलों के एक सप्ताह से भी कम समय बाद हुई, जिसमें चिकित्सकों, महिलाओं और बच्चों सहित 300 से अधिक लोग मारे गए थे।
















