यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस के अल्पकालिक युद्धविराम प्रस्ताव का विस्तृत विवरण मांगा है।


विदेश 01 May 2026
post

यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस के अल्पकालिक युद्धविराम प्रस्ताव का विस्तृत विवरण मांगा है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने आज रूस के अल्पकालिक युद्धविराम प्रस्ताव का विस्तृत विवरण मांगा। कल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई बातचीत का जिक्र करते हुए ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन दीर्घकालिक युद्धविराम चाहता है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को अमेरिकी राष्ट्रपति की टीम से संपर्क करने और अल्पकालिक युद्धविराम के रूसी प्रस्ताव का विवरण स्पष्ट करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन शांति चाहता है और इस युद्ध को वास्तविक रूप से समाप्त करने के लिए आवश्यक राजनयिक प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी प्रस्ताव दीर्घकालिक युद्धविराम, लोगों के लिए विश्वसनीय और गारंटीकृत सुरक्षा और स्थायी शांति का है। पुतिन और ट्रम्प ने कल टेलीफोन पर बातचीत की थी।
 
इस बीच, क्रेमलिन ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन 9 मई को विजय दिवस के आसपास यूक्रेन के साथ प्रस्तावित युद्धविराम की तारीख और समय तय करेंगे। यह दिन 1945 में नाज़ी जर्मनी पर सोवियत संघ की विजय का प्रतीक है और रूस के सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय समारोहों में से एक है। राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने आज मॉस्को में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ फोन पर हुई बातचीत के दौरान युद्धविराम की घोषणा करने की तत्परता व्यक्त की। हालांकि, उन्होंने कहा कि रूस को अभी तक कीव से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है और आगे की बातचीत के लिए कोई निश्चित तारीखें तय नहीं हुई हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने रूसी समकक्ष पुतिन के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद यूक्रेन संघर्ष में संभावित युद्धविराम का संकेत दिया, जबकि ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं पर अपना कड़ा रुख बनाए रखा।

You might also like!