असम विधानसभा चुनाव : भाजपा 79 एवं सहयोगियों के साथ 96 सीटों पर आगे, एक सीट पर जीत


देश 04 May 2026
post

असम विधानसभा चुनाव : भाजपा 79 एवं सहयोगियों के साथ 96 सीटों पर आगे, एक सीट पर जीत

गुवाहाटी, 04 मई । असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए साेमवार सुबह 8 बजे से राज्य की 126 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना जारी है। 126 सीटों के आए रूझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 79 एवं सहयोगियों के साथ कुल 96 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा की सहयोगी पार्टी बीपीएफ एक सीट पर चुनाव जीत चुकी है। दोपहर दो बजे तक चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 8 से 12 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। प्राप्त रूझानों के अनुसार, भाजपा के सभी बड़े नेता बढ़त बनाए हुए हैं। राजधानी गुवाहाटी की सभी 5 सीटों पर अजेय बढ़त बनाए हुए है।

राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस 25 सीटों पर, अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (एआईयूडीएफ) 2, राइजर दल 2 सीट पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा की सहयोगी पार्टी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) 09 सीटों पर आगे तथा एक सीट जीत चुकी है और अगप 08 सीटों पर आगे चल रही है।

जोरहाट विधानसभा सीट के 14 में से 14 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। इस कड़ी में असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई भाजपा के उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी से 23182 मतों से पीछे चल रहे हैं। हितेंद्र नाथ गोस्वामी को 69439 मत मिले हैं। वहीं, गौरव गोगोई को 46257 मत मिले हैं। औपचारिक रूप से जीत की घोषणा अभी नहीं हुई है।

जालुकबारी विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट के लिए 18 राउंड की गिनती होने वाली है। जिसमें 09 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री को 61203 मत मिले हैं। डॉ. सरमा अपने निकटतम कांग्रेस की उम्मीदवार बिदिशा नेओग से 41798 मतों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के कई दिग्गज नेता चुनाव में काफी पीछे नजर आ रहे हैं। कांग्रेस की बढ़त सिर्फ अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में साफतौर पर दिखाई दे रही है। भाजपा को दोपहर दो बजे तक कुल 39.81 प्रतिशत मिले हैं। वहीं कांग्रेस को 27.97 प्रतिशत मत मिले हैं।

You might also like!