रायगढ़ में कोयले से लदे दो ट्रेलरों की टक्कर में एक ड्राइवर जिंदा जला


शहर 03 June 2026
post

रायगढ़ में कोयले से लदे दो ट्रेलरों की टक्कर में एक ड्राइवर जिंदा जला

रायगढ़ 03 जून । जिले के तमनार थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम दो कोयला लोड ट्रेलरों के बीच हुई भीषण टक्कर हाे गई । हादसे के बाद आग लगने से एक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे ग्राम झिंकाबहाल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ट्रेलरों के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि टकराने के तुरंत बाद वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे के दौरान एक ट्रेलर का चालक वाहन के केबिन में ही फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक समय रहते वाहन से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही तमनार पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने आज बुधवार काे बताया कि दोनों ट्रेलरों में कोयला लोड था। आग बुझाने के बाद वाहन के अंदर से एक चालक का शव बरामद किया गया है। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। वहीं हादसे के बाद दूसरा चालक मौके से चला गया, जिसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

You might also like!