रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा महिला पीड़ितों की शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान अभियान संवेदना के तहत एक महत्वपूर्ण मामले में तत्काल कार्रवाई की गई है।
गाजियाबाद निवासी सलीम (30 साल) नामक युवक के विरुद्ध शादी का झांसा देकर महिलाओं को धोखे में रखने और एक युवती के साथ कथित शारीरिक शोषण की शिकायत सामने आने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया है। जानकारी के अनुसार खरसिया क्षेत्र की एक महिला (45 साल) दिनांक 05 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह को आवेदन प्रस्तुत कर सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की। महिला ने बताया कि उसने हाल ही में गाजियाबाद निवासी सलीम के साथ जिला जांजगीर-चांपा के एक मंदिर में विवाह किया है, जिसके कारण उसके बेटे उससे नाराज हैं और घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं।
महिला के आवेदन को परीक्षण एवं जांच में रखा गया था। आज इसी मामले से जुड़ा एक नया घटनाक्रम सामने आया जब खरसिया क्षेत्र की एक युवती (28 साल) पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और सलीम के विरुद्ध गंभीर शिकायत प्रस्तुत की। युवती ने बताया कि कोरोना काल के दौरान सलीम, जो खरसिया क्षेत्र में फेरी का कार्य करता था, उससे संपर्क में आया और शादी का वादा कर उसके साथ संबंध स्थापित किए। युवती के अनुसार सलीम उसे दिल्ली स्थित अपनी बहन के घर भी लेकर गया था तथा लगातार विवाह का भरोसा देता रहा। शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि बाद में उसे जानकारी मिली कि सलीम एक अन्य महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह का वादा कर रहा है।
युवती ने संबंधित महिला से मोबाइल पर बातचीत भी की थी, जहां उसे विश्वास दिलाया गया कि सलीम उसे पत्नी के रूप में रखेगा। बाद में सलीम द्वारा दूसरी महिला से मंदिर में विवाह किए जाने की जानकारी मिलने पर युवती ने अपने साथ हुए शारीरिक शोषण की शिकायत लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। पीड़िता ने यह भी बताया कि सलीम कई अन्य युवतियों और महिलाओं से मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत एवं चैटिंग करता था। शिकायत के अनुसार उसके मोबाइल फोन में कई महिलाओं और युवतियों के साथ संदेश और चैटिंग के रिकॉर्ड भी मौजूद हैं। इन तथ्यों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल महिला थाना एवं थाना कोतरारोड़ पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। पीड़ित युवती के आवेदन पर वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण खरसिया थाना भेजा गया है। वहीं कोतरारोड़ पुलिस द्वारा आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया गया है, जहां शिकायत के आधार पर दुष्कर्म की धाराओं तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच जारी है।








.jpg)







