तेहरान, 09 जुलाई । अमेरिका ने लगातार दूसरी रात ईरान पर भीषण हमला किया है। इससे ईरान के कई शहरों में भारी नुकसान होने का दावा किया गया है। अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने वाशिंगटन के सहयोगी देशों पर हवाई हमले कर सीधी चुनौती दी है। बहरीन और कुवैत में घंटों हमले की चेतावनी के सायरन बजते रहे। कतर पर भी मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबर है। ईरान पर हुए हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को आज मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाना है। सारी दुनिया की नजर इस अंतिम संस्कार समारोह पर लगी हुई है।
अल जजीरा और सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, संघर्ष के केंद्र बिन्दु होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी शहर बुशहर, चाबहार, बंदर अब्बास, सिरिक, जास्क और अबू मूसा द्वीप में रातभर शक्तिशाली विस्फोट हुए हैं। अमेरिकी हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि यह हमले होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर ईरान के हमलों के बदले में किए गए हैं।
ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को आज उनके गृहनगर मशहद में दफनाया जाना है। इससे पहले इराक के शहर नजफ और कर्बला में उनके अंतिम संस्कार जुलूस में लाखों लोग शामिल हुए। तेहरान ने हमले में तबाह दिवंगत ईरानी नेता के परिसर के मलबे का फुटेज जारी किया है। अली खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के एकीकृत सैन्य हमले में मारे गए थे। खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्मों का आज आखिरी दिन है। समूचा ईरान शोक में डूबा हुआ है। मशहद में ताबूत के सुपुर्द-ए-खाक होने के बाद ईरान में 40 दिन का शोक घोषित किया जाएगा।
अमेरिकी धमाकों से दहला ईरान, खामेनेई को आज दफनाया जाना है मशहद में, तेहरान ने कतर, बहरीन, कुवैत पर किया हवाई हमला

















